कोलकाता में गोदाम की छत गिरी, 40 से 45 मजदूर मलबे में दबे
पांच मजबूरों की मौत, सेना ने संभाला मोर्चा ,बचाव कार्य शुरू ,दस लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
कोलकाता ,एजेंसी। पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद मजदूरों व स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, घटना के समय गोदाम में कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि छत गिरने के बाद करीब 40 से 45 लोग मलबे के नीचे दब गए हैं। जिसमें से पांच मजदूरों की मौत हो गयी। अन्य फंसे मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन समूह और नागरिक सुरक्षा की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक अब तक दस लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि, मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
मलबे में दबे 40 से 45 लोग
यह हादसा तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के निकट ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित एक निर्माणाधीन गोदाम में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत गिरने की आवाज काफी तेज थी, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेर लिया और राहत कार्य में बाधा न आए, इसके लिए आम लोगों को दूर रखा गया। वहीं मलबे में करीब 40 से 45 लोग दब गए हैं, जिनका रेस्क्यू किया जा रहा है।
बचाव अभियान में जुटी सेना
बचाव अभियान को तेज करने के लिए भारी मशीनरी, क्रेन और अन्य जरूरी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए लोहे के बड़े-बड़े बीम को जेसीबी मशीन से को हटाया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि सेना के जवान भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं, जिससे बचाव अभियान और तेज हो गया है।
खबर को अपडेट किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment