वेनेजुएला व जापान में आया भूंकप 

वेनेजुएला में 39 सेकंड में 1 लाख मौत की आशंका

 भूकंप से सड़कों में दरार, ढहीं इमारतें; वीडियो देख कांप उठेगा दिल

वेनेजुएला,एजेंसी। वेनेजुएला में बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है।  यूएसजीएस ने 10 हजार से 1 लाख तक मौतों की आशंका जताई है। काराकस में इमारतें गिरीं और लोग दहशत में बाहर निकल आए। वहीं कुछ जगह सड़कें फट गईं और इमारतों में दरारें आईं। वही जापान में 6.9 रिक्टर स्केल का भूकंप आया है। इस भूकंप का केंद्र जमीन से 50 किलोमीटर की गहराई पर था।भूकंप का सबसे तीव्र असर हाशिकामी कस्बे में देखा गया। हालांकि, वहां से किसी बड़े नुकसान या जानमाल की हानि की सूचना नहीं है।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जो सैन फेलिप के पास आया। यह जगह राजधानी काराकस से करीब 284 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। यह झटका 22:04 GMT पर दर्ज किया गया। इसके ठीक 39 सेकंड बाद इससे भी ज्यादा शक्तिशाली 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। यह झटका यूमारे के पास महसूस किया गया, जो काराकस से लगभग 293 किलोमीटर पश्चिम में है।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़कों के बीच गहरी दरारें नजर आईं। वहीं, एक एयरपोर्ट टर्मिनल में मौजूद यात्री जमीन हिलते ही बाहर की ओर भागते दिखे। राजधानी काराकस में एक ऊंची इमारत की छत पर बने स्विमिंग पूल से पानी बाहर गिरने का वीडियो भी सामने आया।

39 सेकंड में आए दो बड़े झटके

यूएसजीएस ने इसे ‘अर्थक्वेक डबलट’ यानी दो जुड़े हुए भूकंपों की घटना बताया. संस्था ने कहा, ‘यह भूकंप डबलट की दूसरी घटना थी। 7.5 तीव्रता वाले इस मुख्य भूकंप से 39 सेकंड पहले 7.2 तीव्रता का शुरुआती झटका आया था।’ दोनों भूकंप एक-दूसरे से करीब 45 किलोमीटर की दूरी पर आए और दोनों की गहराई भी अलग-अलग थी। इसके झटके पूरे वेनेजुएला और पड़ोसी देश कोलंबिया के कई हिस्सों में महसूस किए गए।

काराकस में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकले

भूकंप के झटकों के बाद राजधानी काराकस में लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। काराकस में इससे पहले 1967 में भी एक घातक भूकंप आया था। 80 वर्षीय मारिया रोमेरो ने बताया कि पुलिस की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा, ‘यह भूकंप बहुत भयानक था, 1967 वाले भूकंप से भी ज्यादा डरावना।

बड़े नुकसान और भारी जनहानि की आशंका

यूएसजीएस ने शुरुआती आकलन में कहा कि इस घटना के कारण बड़े स्तर पर नुकसान और जनहानि की संभावना है। संस्था ने कहा, ‘भारी जनहानि और व्यापक नुकसान की संभावना है। आपदा का असर बड़े क्षेत्र में हो सकता है।’ यूएसजीएस ने शुरुआती अनुमान में बताया कि मृतकों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक हो सकती है।

कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने दी जानकारी देने की बात

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह जल्द ही देश के लोगों को स्थिति के बारे में जानकारी देंगी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘ध्यान दें: थोड़ी देर में मैं वेनेजुएलावासियों को संबोधित करूंगी और हमारे देश को प्रभावित करने वाले इस शक्तिशाली भूकंप की स्थिति के बारे में जानकारी दूंगी।’

इमारतों में दरारें, बचाव दल तैनात

भूकंप के बाद काराकस में आपातकालीन दल और दमकल की गाड़ियां तैनात कर दी गईं।अधिकारी लगातार नुकसान का आकलन कर रहे हैं। वालेंसिया में रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया, ‘मेरी इमारत की कई दीवारें टूट गईं या उनमें दरारें आ गईं। जैसे ही कंपन रुका, मेरे पति और मैंने तुरंत इमारत खाली कर दी।’

आफ्टरशॉक का खतरा अभी भी बरकरार

अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। राहत और बचाव एजेंसियां नुकसान का आंकलन कर रही हैं. वहीं, विशेषज्ञों ने इलाके में आगे भी आफ्टरशॉक यानी भूकंप के बाद आने वाले झटकों की संभावना से इनकार नहीं किया है। 

जापान: 6.9 तीव्रता का झटका, टला सुनामी का खतरा

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, गुरुवार को उत्तरी जापान के इवाते क्षेत्र के पास भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस भूकंप का केंद्र जमीन से 50 किलोमीटर की गहराई पर था।भूकंप का सबसे तीव्र असर हाशिकामी कस्बे में देखा गया। हालांकि, वहां से किसी बड़े नुकसान या जानमाल की हानि की सूचना नहीं है।समाचार एजेंसी एएफपी से बात करते हुए एक स्थानीय महिला ने बताया कि झटका तेज था, लेकिन उनके घर में केवल एक फोटो फ्रेम गिरने के अलावा कोई नुकसान नहीं हुआ। सार्वजनिक प्रसारक एनएचके के फुटेज के अनुसार, प्रभावित हाचिनोहे शहर में यातायात पूरी तरह सामान्य है और ट्रैफिक लाइटें हमेशा की तरह काम कर रही हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts