घर बैठे कमई का लालच देकर महिला से ठगे 33 लाख रूपये 

जेवर गिरवी रखकर भी भेज दिए पैसे

 मेरठ । थाना देहली गेट क्षेत्र की प्रीति अग्रवाल घर बैठे कमाई के चक्कर में साइबर ठगों के चुंगल में फंस गयी। साइबर ठगों के झांसे में आकर 33 लाख 3 हजार 243 रुपये गंवा बैठीं।  धीरे-धीरे विश्वास जीतकर बड़ी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली। मामले में पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

प्रीति अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उन्हें इंस्टाग्राम पर 'मेगा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' नाम से एक मैसेज मिला था। मैसेज में घर बैठे टास्क पूरे करने के बदले हर महीने अच्छी कमाई का दावा किया गया था। ऑफर आकर्षक लगने पर उन्होंने सहमति जता दी। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम पर एक लिंक भेजा गया, जहां अलग-अलग टास्क पूरे करने के निर्देश दिए गए।

छोटे टास्क से जीता भरोसा

शुरुआत में प्रीति को होटल रिव्यू जैसे छोटे-छोटे टास्क दिए गए। इन्हें पूरा करने पर कुछ रकम उनके बैंक खाते में भेजी गई। इससे उन्हें कंपनी पर भरोसा हो गया। इसके बाद ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देते हुए बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। 6 जून से 11 जून के बीच प्रीति ने अपने और परिचितों के खातों से कुल 31 लाख 53 हजार 243 रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।

जेवर तक गिरवी रख दिए

ठगों के झांसे में आकर प्रीति ने अपने जेवर तक गिरवी रख दिए, ताकि निवेश के नाम पर और पैसे जमा करा सकें। कुछ दिनों बाद आरोपियों ने उनसे 1.50 लाख रुपये और जमा करने की मांग की।जब प्रीति ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार कर दिया तो ठगों ने उनका अकाउंट बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं।

साइबर थाने में दर्ज कराई शिकायत

प्रीति अग्रवाल ने तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई थी। साथ ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, सोशल मीडिया पर घर बैठे मोटी कमाई, पार्ट टाइम जॉब और टास्क पूरा कर पैसे कमाने के नाम पर भेजे जाने वाले ऑफर अक्सर साइबर ठगी का हिस्सा होते हैं। ऐसे किसी भी प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल करना जरूरी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts