जोरहाट में वायु सेना विमान क्रैश में दो अफ़सरों और दो अग्निवीरवायु समेत पांच जवानों की मौत
वायु सेना के एएन-32 विमान क्रैश हुआ
असम के जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायु सेना का एक एएन-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ़्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। भारतीय वायु सेना ने एक्स पर पोस्ट कर इस दुर्घटना में मारे गए जवानों की जानकारी दी है।वायु सेना ने बताया है कि इस घटना में पांच वायु सेना कर्मियों की मौत हुई है।
इनमें स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं। इससे पहले दुर्घटना के बाद इसको लेकर वायु सेना के प्रवक्ता विंग कमांडर जयदीप ने एजेंसी को जानकारी देते हुए बताया कि जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन में एएन-32 के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की थी।
हादसे को लेकर भारतीय वायु सेना ने एक्स पर बताया था, "भारतीय वायु सेना का एएन-32 एयरक्राफ़्ट आज जोरहाट में लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे के कारण का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ़ इन्क्वायरी बिठाई जा रही है."
भारतीय वायु सेना ने एक्स पर एक पोस्ट कर बताया, "असम के जोरहाट में हुए एएन-32 विमान हादसे में पांच जवानों की जान गंवाने पर गहरा शोक व्यक्त करती है.""स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया."


No comments:
Post a Comment