ई-रिक्शा पार्किग में आग लगने से 30 ई -रिक्शा जलकर राख 

 आग से चालीस लाख का नुकसान का अनुमान,चार्जिंग के नाम पर वसूली का आरोप

 मेरठ। थाना मेडिकल क्षेत्र के आंनद हाॅस्पिटल के सामने एक अवैध ई-रिक्शा पार्किंग में शुक्रवार देर रात आग लग गई। इस घटना में करीब 30 ई-रिक्शा जलकर राख हो गए, जिससे लगभग 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना के बाद से पार्किंग संचालक फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

जागृति विहार सेक्टर-5 निवासी सतपाल पेंटर इस पार्किंग का अवैध रूप से संचालन कर रहा था। बताया जाता है कि यहां प्रतिदिन लगभग 100 ई-रिक्शा खड़े किए जाते थे और सतपाल प्रत्येक चालक से पार्किंग व चार्जिंग के नाम पर 300 रुपये वसूलता था। शुक्रवार रात करीब 3:30 बजे पार्किंग में अचानक आग लगी, जिसने देखते ही देखते कई ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया।

शनिवार सुबह जब ई-रिक्शा चालक अपनी गाड़ियां लेने पहुंचे, तो जले हुए रिक्शा देखकर वे हैरान रह गए। पीड़ितों में लक्ष्मण, विनोद, तेजेंद्र (जागृति विहार सेक्टर-2), संजय (औरंगाबाद), कुलदीप (शास्त्रीनगर) और मोनू कुमार (माछरा) सहित कई चालक शामिल हैं। सभी ने मौके पर हंगामा करते हुए अपने नुकसान की भरपाई की मांग की।

सूचना मिलने पर मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि आग चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से लगी होगी, हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि अवैध पार्किंग के संचालन और वहां अपनाए गए सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है। पार्किंग संचालक सतपाल घटना के बाद से फरार है और पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts