जिले के छात्रों को मिलेगी 30 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति
-छात्रवृत्ति की बदौलत युवाओं के भविष्य को मिल रही नई दिशा
- 40 प्रतिशत से अधिक धनराशि का आवंटन, जल्द मिलेगा शेष धन
मेरठ। जिले के छात्रों के लिए प्रदेश सरकार की छात्रवृत्ति योजना आर्थिक मदद का सहारा बनकर उभर रही है। समाज कल्याण विभाग की ओर से वित्त वर्ष में 30 करोड़ से अधिक की धनराशि जिले के छात्रों को प्रदान की जाएगी। विभाग की ओर से इस योजना का लाभ पूर्व दशम कक्षा 9 और दस तथा दशमोत्तर कक्षा दसवीं से ऊपर की कक्षाओं में अध्ययन करने वाले सामान्य तथा एससी वर्ग के छात्र-छात्राओं को प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश सरकार समाज कल्याण विभाग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को दो श्रेणी में छात्रवृत्ति प्रदान करती है। पहली छात्रवृत्ति पूर्व दशम अर्थात कक्षा 9 व 10 के छात्रों को दी जाती है। जिले में इस श्रेणी में आवेदन करने वाले सामान्य जाति के 783 और अनुसूचित जाति के हजारों छात्र-छात्राएं हैं। दूसरी छात्रवृत्ति दशमोत्तर अर्थात कक्षा 11 से स्नातक, स्नातकोत्तर और तकनीकी पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को मिलती है। जिले में इस श्रेणी की छात्रवृत्ति सामान्य जाति के 8820 और अनुसूचित जाति के 11,111 छात्र छात्राओं को मिल रही है।
योजना के तहत मेरठ में जिलास्तर पर 30 करोड़ की धनराशि इस योजना पर वहन की जाएगी। कक्षा और कोर्स के अनुसार छात्रवृत्ति की धनराशि भी अलग-अलग निर्धारित की गई है। समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि छात्रवृत्ति योजना की 40 प्रतिशत धनराशि का आवंटन हो गया है। शेष 60 प्रतिशत धनराशि केंद्रांश के रूप में अभी प्राप्त होनी शेष है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक एससी वर्ग में 1800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। नए आवेदनों को भी सूची में शामिल किया जाएगा।
इन बातों का रखिए ध्यान
शासन ने वित्तीय वर्ष 2019-20 में छात्रवृत्ति पाने के लिए तय नियमों में बदलाव कर दिया गया है। समाज कल्याण विभाग कार्यालय के अनुसार छात्र, छात्रा, उसके पिता व माता का जो नाम हाईस्कूल की मार्कशीट में है, वही नाम आधार कार्ड में होना चाहिए। साथ ही छात्र-छात्रा की जन्मतिथि हाईस्कूल की मार्कशीट व आधार कार्ड में एक ही होनी चाहिए। इसके साथ ही आधार कार्ड का बैंक से लिंक अर्थात संबद्ध होना अनिवार्य है।


No comments:
Post a Comment