वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 

 जनभागीदारी को सशक्त बनाने हेतु 20 से अधिक स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ बैठक 

मेरठ। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान एवं वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु सामाजिक वानिकी प्रभाग, की प्रभागीय निदेशक सुश्री वंदना फोगाट की अध्यक्षता में मेरठ स्थित वन विभाग कार्यालय में 20 से अधिक स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) के प्रतिनिधियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रदेश के 40 करोड़ तथा मेरठ जनपद के 31 लाख पौधारोपण लक्ष्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का आह्वान किया गया। संस्थाओं को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण, नियमित अनुरक्षण, जियो-टैगिंग तथा जीवितता सुनिश्चित करने पर विशेष बल देने हेतु प्रेरित किया गया।

प्रभागीय निदेशक ने विभाग की प्रमुख पहलों, जैसे विशेष वन (अमृत वन, समरसता वन, कपि वन, शौर्य वन, अविरल धारा आदि), सहजन भंडारा, आम भंडारा, नदी पुनर्जीवन (River Rejuvenation) तथा जनसहभागिता आधारित हरित अभियानों की जानकारी देते हुए इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन संस्थाओं को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, वे विद्यालयों, संस्थानों एवं अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन कर पौधारोपण कराएंगी तथा पौधों की जियो-टैगिंग एवं प्रगति की जानकारी वन विभाग को उपलब्ध कराएंगी। फलदार एवं स्थानीय प्रजातियों के पौधारोपण को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया, जिससे जैव विविधता संरक्षण के साथ वन्यजीवों को भी प्राकृतिक आहार उपलब्ध हो सके।बैठक के दौरान विभिन्न संस्थाओं ने अपने अनुभव साझा किए तथा वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में प्रभागीय निदेशक द्वारा सभी सहभागी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में यथार्थ के सारथी, सारथी सोशल वेलफेयर सोसायटी, सर्वहित फाउंडेशन, बेटियाँ फाउंडेशन, लोकभारती, क्लीन मेरठ, सर्वजन सहयोग, भारत विकास परिषद, KDF फाउंडेशन, अंतर्राष्ट्रीय सर्वधर्म साधु महासंघ, Abhi Go Foundation, पंखशाला, रोटरी क्लब, जागरूक नागरिक एसोसिएशन, एनवायरमेंट क्लब, जनहित फाउंडेशन, चन्द्रासन प्रकृति फाउंडेशन, राम मनोहर लोहिया पार्क, नीरा फाउंडेशन, आर्ट ऑफ लिविंग सहित 20 से अधिक स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts