कथावाचक आचार्य शान्तनु महाराज 16 जून से भक्ति, मर्यादा और धर्म के संदेशों का रसपान कराएंगे
मेरठ में सजेगा भक्ति का दरबार, निकलेगी भव्य कलश यात्रा
मेरठ। धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर होने जा रहे कस्बा खरखौदा में 16 जून से सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। कस्बे के लल्लू चेयरमैन फार्म हाउस में आयोजित होने वाली इस कथा में प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य शान्तनु जी महाराज श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, भक्ति, मर्यादा और धर्म के संदेशों का रसपान कराएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार कथा का शुभारंभ 16 जून से होगा और यह आयोजन 22 जून तक चलेगा। प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से 6 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।कथा से पूर्व 15 जून की शाम 7 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में क्षेत्र की लगभग एक हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के माहौल में निकलने वाली यह यात्रा पूरे क्षेत्र को भक्तिमय रंग में रंग देगी।कार्यक्रम के संयोजक भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजय त्यागी ने बताया कि कथा के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। आचार्य शान्तनु जी महाराज रामचरितमानस के माध्यम से समाज को प्रेम, सद्भाव, सेवा, त्याग और संस्कारों का संदेश देंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। बैठने के लिए विशाल पंडाल, वाहन पार्किंग, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और गर्मी से राहत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए अलग से सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।कथा के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर सकेंगे। आयोजन समिति का दावा है कि यह कथा क्षेत्र के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक होगी।22 जून को कथा के समापन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद विशाल महाप्रसाद का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।आयोजन समिति ने खरखौदा, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की है।


No comments:
Post a Comment