शहर काज़ी की अपील ईदुल अज़हा पर सफाई, नियमों और शांति व्यवस्था का रखें ध्यान
मेरठ। डॉ काज़ी जेनुस सालिकीन सिद्दीकी ने ईदुल अज़हा के मौके पर मेरठ की अवाम से आपसी भाईचारा, साफ-सफाई और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि शाही ईदगाह में ईदुल अज़हा की नमाज 28 मई 2026 को सुबह 7 बजे अदा की जाएगी।
शहर काज़ी ने लोगों से समय से पहले ईदगाह पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित स्थानों पर नमाज अदा न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।उन्होंने कुर्बानी को लेकर भी कई जरूरी निर्देश जारी किए। अपील में कहा गया है कि खुले में कुर्बानी न की जाए और प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी से पूरी तरह बचा जाए। साथ ही गोश्त को ढककर ही तकसीम किया जाए ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों।
शहर काज़ी ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाली गंदगी को खुले में न फेंका जाए। उसे पॉलीथिन बैग में बांधकर नगर निगम द्वारा चिन्हित स्थानों या नगर निगम की गाड़ियों में ही डाला जाए।इसके अलावा उन्होंने लोगों से कुर्बानी की फोटो या वीडियो न बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा न करने की भी अपील की। उनका कहना है कि त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है।


No comments:
Post a Comment