वीआईपी की तरह प्रदेश के सर्किट हाउसों में ठहर सकता है आम आदमी

  प्रदेश सरकार ने सरकारी अतिथि गृहों और सर्किट हाउसों में आम आदमी व पर्यटकों के लिए कमरों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू की 

मनमाने तरीके से आवंटन पर लगी रोक, रेट किए गए निर्धारित

 मेरठ। प्रदेश सरकार ने सरकारी अतिथि गृह, सर्किट हाउस और निरीक्षण भवनों में कमरों की बुकिंग की व्यवस्था ऑनलाइन कर दी है। अब मंत्री, विधायक अन्य माननीय, केंद्र और प्रदेश सरकार के अधिकारी-कर्मचारियों समेत सभी को ऑनलाइन बुकिंग के बाद निर्धारित शुल्क जमा कर यहां कमरा मिल सकता है। किसी अधिकारी का परिचित आम आदमी भी सर्किट हाउस में ठहर सकता है।

उसे ऑनलाइन कमरा बुकिंग के लिए एक अधिकारी अथवा कर्मचारी का विवरण देना होगा। नई व्यवस्था में लगभग एक महीने में ही सर्किट हाउस और निरीक्षण भवन में 40 से ज्यादा लोगों की बुकिंग हुई है, जिनके माध्यम से 75 हजार से ज्यादा धनराशि सरकारी खाते में जमा हुई है।

मनमाने तरीके से होता था आवंटन

प्रदेश में विभिन्न जनपदों में लोक निर्माण विभाग द्वारा कुल 21 सर्किट हाउस तथा 334 अतिथि भवन संचालित हैं। अभी तक इन भवनों में कमरों का मनमाने तरीके से आवंटन किया जाता था। कोई भी माननीय, अधिकारी अथवा राजनीतिक दल का पदाधिकारी कभी भी यहां धमक जाता था और जबरन कमरा खुलवा लेता था।

ठहरने के बाद निर्धारित शुल्क भी इक्का-दुक्का ही देते थे। नतीजा, सर्किट हाउस और निरीक्षण भवन के कमरे तो फुल रहते थे लेकिन शुल्क नाममात्र का मिलता था।

प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने नई व्यवस्था का आदेश जारी किया था। इसके तहत अब कोई भी कमरा आनलाइन ही आवंटित हो सकेगा। निर्धारित शुल्क भी आनलाइन जमा होगा। कमरे की बुकिंग सभी मंत्री, विधायक, एमएलसी, सांसद, न्यायाधीश, प्रदेश व केंद्र सरकार के विभागों, निगमों के अधिकारी कर्मचारी तथा उनके संबंधी कर सकते हैं।

बुकिंग को बनाया पोर्टल

ऑनलाइन बुकिंग के लिए बनाए गए guesthouse.uppwd.gov.in पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों में बुकिंग की जा रही है। इसी से आनलाइन शुल्क जमा हो रहा है। बुकिंग के बाद जिला प्रशासन उसे वीआइपी मूवमेंट और पात्रता के आधार पर स्वीकार व अस्वीकार करता है। जिस जिले में दस से ज्यादा कमरे हैं वहां चार तथा दस से कम कमरे वाले जनपद में दो कमरों की बुकिंग हमेशा आरक्षित रहेगी।

बुकिंग में प्रदेश में 19वें स्थान पर मेरठ

मेरठ में सर्किट हाउस, पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन आदि में कुल 25 कमरे हैं। बुकिंग में मेरठ शुक्रवार को प्रदेश के 75 जनपदों में 19वें स्थान पर रहा।

देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए सर्वाधिक शुल्क

अतिथि की श्रेणी------------------------निर्धारित शुल्क (एक दिन के लिए)

सरकारी अधिकारी (विभागीय कार्य)---------------525

सरकारी अधिकारी (व्यक्तिगत कार्य)---------------825

पर्यटक, आम आदमी------------------------2525

विदेशी पर्यटक----------------------------3525

मंत्री और उनके समकक्ष पदाधिकारी--------------325

मंत्री के सचिव---------------------------525

पूर्व सांसद, पूर्व विधायक---------------------825

विधायक, एमएलसी-----------------------325

केंद्र और प्रदेश सरकार के विभाग, निगम, संस्थाओं के अधिकारी------- 825

इन्होंने कहा

सर्किट हाउस की आनलाइन बुकिंग व्यवस्था को सख्ती से लागू कर दिया गया है। अतिथि बुकिंग कर रहे हैं और ऑनलाइन शुल्क भी जमा करा रहे हैं। अभी तक 75 हजार से ज्यादा राशि मेरठ में जमा की जा चुकी है।

-नवीन श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट (प्रभारी अधिकारी सर्किट हाउस)

No comments:

Post a Comment

Popular Posts