पटना में प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज
जेपी गोलंबर पर मचा हंगामा, कई छात्र घायलपटना (एजेंसी)।पटना में विज्ञापन जारी करने और बीपीएससी नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई हुई है। पटना कॉलेज से निकाला गया विरोध मार्च जब जेपी गोलंबर पहुंचा, तो वहां बड़ी संख्या में जुटे हजारों अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन में अभ्यर्थी लगातार परीक्षा प्रक्रिया में देरी का विरोध कर रहे थे और जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे थे। छात्र पटना कॉलेज से निकलकर बिहार लोक सेवा आयोग के कार्यालय की ओर जा रहे थे, लेकिन उन्हें जेपी गोलंबर पर ही रोक दिया गया। इस दौरान कुछ छात्र नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है।
छात्र नेता दिलीप ने कहा कि टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री द्वारा लगातार यह कहा जा रहा है कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी, जबकि चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी टीआरई 4 का विज्ञापन जल्द जारी करने का आश्वासन दिया गया था। दिलीप कुमार ने कहा कि एक ओर सरकार वैकेंसी की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद विज्ञापन जारी नहीं कर रही है।


No comments:
Post a Comment