मातृ दिवस पर भव्य आयोजन, माताओं को किया गया सम्मानित
मेरठ। स्थानीय नेहरू नगर स्थित प्रगति लिटिल जीनियस प्ले स्कूल एवं उसकी शाखा एन.एस. पब्लिक स्कूल, चमन कॉलोनी में मातृ दिवस बड़े उत्साह, उल्लास एवं भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं उनकी माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम, सम्मान एवं कृतज्ञता को व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने "मुझे माफ करना ओम साईं राम" तथा "तू कितनी अच्छी है, माँ" जैसे भावपूर्ण गीतों पर प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। वहीं माताओं ने गिद्दा सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया तथा सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी लिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानाचार्य नीरज वर्मा ने कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि त्याग, ममता, प्रेम और समर्पण की जीवंत प्रतिमूर्ति है। एक बच्चे के जीवन की पहली गुरु उसकी मां होती है, जो उसे संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों की शिक्षा देती है। समाज और राष्ट्र के निर्माण में माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों में अपनी माताओं के प्रति आदर, संवेदनशीलता और पारिवारिक मूल्यों को विकसित करना है। ऐसे आयोजन बच्चों और अभिभावकों के बीच भावनात्मक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करते हैं तथा परिवार एवं विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं। नीरज वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी माताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में माता-पिता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है और विद्यालय सदैव ऐसे आयोजनों के माध्यम से परिवार एवं शिक्षा के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने का प्रयास करता रहेगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर अनुश्री वर्मा तथा अध्यापिकाओं दिव्या, नेहा, नंदिनी, दीपिका, शबाना एवं समस्त विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


No comments:
Post a Comment