दिवार फांदने पर चौकी इंचार्ज ने दरोगा के बेटे को जड़ा थप्पड़
पत्नी-साली के साथ मेरठ नौचंदी मेला गया था, मारपीट में एसआई की वर्दी फटी
मेरठ। मेला नौचंदी में गुरुवार रात बखेड़ा हो गया। यहां पत्नी और साली को लेकर मेला देखने आए दरोगा के बेटे के साथ चौकी इंचार्ज ने हाथापाई कर दी। हाथापाई में चौकी इंचार्ज की वर्दी भी फट गई। इसके बाद दरोगा के बेटे और दोनों महिलाओं को पुलिस ने वही बैठा लिया। देर रात दरोगा के पहुंचने के बाद तीनों को छोड़ा गया।
गाजियाबाद में तैनात दरोगा का परिवार मोदीपुरम में रहता है। गुरुवार रात उनका बेटा अपनी पत्नी व साली को लेकर मेला नौचंदी आया था। मेला घूमने के बाद तीनों घर के लिए चल दिए।उन्होंने नौचंदी थाने के बाहर अपनी कार खड़ी की थी। बताया जाता है कि दरोगा का बेटा मियां की मजार के पास एक दीवार फांदने का प्रयास करने लगा तो पास ही मौजूद चौकी इंचार्ज ने उसे टोका।
बात ना मानने पर दरोगा ने जड़ा थप्पड
दरोगा के बेटे ने चौकी इंचार्ज की डांट को नजरअंदाज कर दिया। इससे चौकी इंचार्ज को गुस्सा आया और उसने भाग कर दीवार चढ़ रहे दरोगा के बेटे को थप्पड़ जड़ दिया।इसका पत्नी और साली ने विरोध कर दिया। उनकी चौकी इंचार्ज से धक्का मुक्की शुरू हो गई। इस धक्का मुक्की में चौकी इंचार्ज की वर्दी तक गई।
हाथापाई होते देख भीड़ हुई जमा
चौकी इंचार्ज से हाथापाई की सूचना पर आसपास के पुलिसकर्मी एकत्र हो गए। यह देख दरोगा के बेटे के साथ मौजूद दोनों महिलाओं ने भी शोर मचा दिया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।इसके बाद नौचंदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चौकी इंचार्ज से मारपीट करने वाले युवक व दोनों महिलाओं को लेकर थाने आ गई।
दरोगा पिता की नौचंदी पुलिस से झड़प
बेटे के साथ मारपीट किए जाने की सूचना पाकर गाजियाबाद में तैनात दरोगा मेरठ आ गए। वह सीधे नौचंदी थाने पहुंचे। बेटे ने आरोप लगाया कि पिता का परिचय देने के बाद भी चौकी इंचार्ज ने पत्नी के सामने अभद्रता और गाली गलौज की। इस पर दरोगा की भी चौकी इंचार्ज और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से तीखी झड़प हो गई।
देर रात तीनों को पिता के साथ भेजा
पहले कैलाशपुरी चौकी और उसके बाद नौचंदी थाने में दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस चली। दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की धमकी देने लगे।इसके बाद कुछ पुलिसकर्मी और वहां पहुंचे जिन्होंने दोनों पक्षों से बात की और उनके बीच समझौता करा दिया। रात में ही दरोगा अपने बेटे और दोनों महिलाओं को लेकर मोदीपुरम घर के लिए रवाना हो गए।


No comments:
Post a Comment