बागपत के युवक की गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या
घर से इंटरव्यू देने निकला था युवक, पुलिस भर्ती की कर रहा था तैयारीगाजियाबाद।गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में बीती देर रात 21 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक के कनपटी, सिर और सीने में 4 गोलियां मारी गईं। मौके से पुलिस को बियर की केन और एक बैग भी बरामद किया है। युवक बागपत के सिंघावली क्षेत्र के डोला गांव का रहने वाला था। पुलिस अब मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
लोनी क्षेत्र में रात में बंथला नहर के पास ट्यूबवेल के नजदीक एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर की कनपटी और सीने पर चार से पांच गोलियां मारने के निशान मिले हैं। मौके से पुलिस ने बियर की चार केन और एक बैग भी बरामद किया है। युवक की पहचान नितिन राणा (21) साल के रुप में हुई। जो यूपी पुलिस की तैयारी कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक, नितिन बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से कंपनी में इंटरव्यू देने की बात कहकर निकला था। उसका एक दोस्त उसे बागपत रेलवे स्टेशन तक छोड़कर गया था। इसके बाद देर रात लोनी क्षेत्र में सिकरानी गांव के पास नहर किनारे उसका शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में गोली चलने की कोई आवाज सुनाई नहीं दी। जिस स्थान पर शव मिला, वहां आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा है। पुलिस ने मौके से मिले सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने बताया कि गांव के 2 युवकों ने ही रंजिश में हत्या की है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की 3 टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment