यूपी आबकारी महकमे में बंपर तबादले

 कई जिलों के जिला आबकारी अधिकारी इधर से उधर, 37 अधिकारियों की ट्रांसफर सूची जारी

 तत्काल प्रभाव से आदेश लागू,स्थानांतरण नीति 2026-27 के तहत समूह 'ख' के अफसरों की कुर्सियां हिलीं

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के आबकारी महकमे से इस वक्त की सबसे बड़ी प्रशासनिक खबर आ रही है। कार्यालय आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) ने नई स्थानांतरण नीति 2026-27 के प्रावधानों के अंतर्गत प्रांतीय आबकारी सेवा के समूह 'ख' के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर फेरबदल कर दिया है। मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, कुल 37 सहायक आबकारी आयुक्तों (AEC) और जिला आबकारी अधिकारियों (DEO) को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थलों पर ज्वाइन करने का निर्देश दिया गया है। उप आबकारी आयुक्त (कार्मिक एवं अधिष्ठान) कुमार प्रभात चन्द्र के हस्ताक्षरों से जारी यह सूची प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

प्रयागराज मुख्यालय का कड़ा रुख: वेतन आहरण पर तत्काल रोक

इस आदेश की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यालय ने सभी संबंधित मुख्य एवं वरिष्ठ कोषाधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, स्थानांतरित किए गए किसी भी अधिकारी का वेतन उनकी पूर्व तैनाती वाले जनपद से, नई तैनाती की तिथि के बाद आहरित नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, सभी अफसरों को 'उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 1956' के नियम 27 एवं 27ए का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है।

कई जिलों के बदले गए जिला आबकारी अधिकारी 

इस नए आदेश के बाद प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों के जिला आबकारी अधिकारियों की प्रोफाइल बदल गई है। फेरबदल के तहत अनुपम राजन को सम्भल से हटाकर कानपुर में सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन-1) बनाया गया है। भदोही के जिला आबकारी अधिकारी अरुण कुमार शुक्ला अब सीतापुर की नीलश्री आसवनी में सहायक आबकारी आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे। देवरिया के जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र नाथ सिंह को प्रयागराज मुख्यालय में सहायक आबकारी आयुक्त (टास्क फोर्स) के पद पर संबद्ध किया गया है। वहीं हापुड़ के जिला आबकारी अधिकारी प्रकाश सिंह को अब श्रावस्ती का नया जिला आबकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

चीनी मिलो में तैनात अधिकारी भी बदले

इसी तरह बहराइच, सिद्धार्थनगर, अयोध्या, पीलीभीत और बदायूं सहित दर्जनों जिलों के आबकारी कप्तानों को इधर से उधर किया गया है। इसके अलावा कई चीनी मिलों और आसवनियों में तैनात सहायक आबकारी आयुक्तों को  फील्ड में प्रवर्तन और जिला आबकारी अधिकारी के पदों पर भेजा गया है।

एक अधिकारी का रिकॉर्ड गायब, सूची में सस्पेंस

प्रयागराज मुख्यालय द्वारा जारी इस आदेश के अंत में एक नोट ने सबका ध्यान खींचा है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरण क्रम में क्रम संख्या 92 (संख्या-ए-92) के आदेश की प्रति उपलब्ध अभिलेखों में प्राप्त नहीं हुई है, जिसके कारण सूची में तकनीकी रूप से 36 के बाद सीधे 37वें नंबर पर संख्या 93 के अधिकारी कृष्ण प्रताप सिंह का नाम दर्ज है। विभाग ने साफ किया है कि प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता को बनाए रखने के लिए यह रूटीन लेकिन बेहद महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। सभी अधिकारियों को अविलंब अपने नए कार्यभार को संभालने के निर्देश दिए गए हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts