आसाराम बापू आश्रम के संचालक की बेरहमी से हत्या

 5 लाख के विवाद में सेवादार ने सिर में मारी लोहे की रॉड

दवाई वितरण कक्ष में रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ था खूनी संघर्ष

 मुलाना हायर सेंटर में उपचार के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने आरोपी गौरव को दबोचा

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र के अंतर्गत अंबाला रोड पर स्थित आसाराम बापू के 'भक्त वात्सल्य' आश्रम में दो सेवादारों के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आश्रम के संचालक और मुख्य सेवादार भरत गुप्ता (35) की उनके ही साथी सेवादार गौरव ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए भरत गुप्ता ने शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले भरत गुप्ता पिछले कई वर्षों से सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित आसाराम बापू आश्रम का पूरा कामकाज और संचालन देख रहे थे। आरोपी सेवादार गौरव (निवासी लेबर कॉलोनी) का भरत गुप्ता से 5 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को गौरव आश्रम पहुंचा, जहाँ भरत गुप्ता दवाई वितरण कक्ष में बैठे थे। रुपयों की मांग करने पर दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर गौरव ने पास ही रखी लोहे की रॉड उठाकर भरत के सिर पर तीन-चार बार ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।

उपचार के दौरान तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम

आश्रम में मौजूद अन्य सेवादारों और लोगों ने आनन-फानन में घायल भरत गुप्ता को राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया। वहां हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अंबाला के मुलाना स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहाँ शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी ओडिशा से सहारनपुर के लिए रवाना हो गए और पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, रॉड बरामद

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी बल के साथ आश्रम पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शुरुआत में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था, जिसे मौत के बाद हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया गया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव को रेलवे लाइन किनारे बनी एक टीनशेड से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अंबाला रोड पर नहर की पटरी के पास झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। पुलिस मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts