तकनीकी गड़बड़ी से समय पर शुरू नहीं हो सकी सीयूईटी परीक्षा

 एनटीए ने बदला दोपहर तीन बजे की पाली का समय
नई दिल्ली (एजेंसी)।कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट की परीक्षा शनिवार को देशभर के कई केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा कई केंद्रों पर करीब 11:23 बजे शुरू हुई, जिसके चलते अभ्यर्थियों और अभिभावकों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने बताया कि परीक्षा आयोजन से जुड़ी एजेंसी M/s TCS की ओर से तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी। इसी वजह से 30 मई 2026 को आयोजित परीक्षा की प्रक्रिया प्रभावित हुई और कई परीक्षा केंद्रों पर एग्जाम समय पर शुरू नहीं हो पाया।
जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8 बजे ही प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी गई थी। बड़ी संख्या में छात्र तय समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। हालांकि परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले तकनीकी समस्या आने के कारण पूरी परीक्षा प्रक्रिया बाधित हो गई।
कई केंद्रों पर छात्रों को घंटों इंतजार करना पड़ा। लंबे समय तक परीक्षा शुरू नहीं होने से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी रही। वहीं अभिभावकों में भी नाराजगी देखने को मिली।
कुछ केंद्रों पर परीक्षा रद्द होने की भी खबर
नोएडा सेक्टर-64 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र में शनिवार को आयोजित सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) परीक्षा छात्रों और अभिभावकों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गई। सुबह से परीक्षा देने पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन तकनीकी खामी के चलते परीक्षा शुरू ही नहीं हो सकी। आखिरकार परीक्षा रद्द कर दी गई।

दोपहर सत्र का समय बदला गया
तकनीकी समस्या के बाद एनटीए ने दोपहर सत्र की परीक्षा का समय संशोधित कर दिया। एजेंसी के अनुसार अब दोपहर सत्र के लिए रिपोर्टिंग और प्रवेश प्रक्रिया दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी। जबकि परीक्षा अब पहले निर्धारित समय 3:00 बजे के बजाय शाम 4:00 बजे से शुरू की जाएगी।

एनटीए ने जताया खेद
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। एजेंसी ने कहा कि तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया गया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी उम्मीदवार को नुकसान न हो। एनटीए ने भरोसा दिलाया कि सभी प्रभावित छात्रों को पूरा अतिरिक्त समय दिया जाएगा, ताकि परीक्षा निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts