“कला एक कलाकार की आत्मा होती है” — डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा
“भारतीय लोक कलाएँ हमारी सांस्कृतिक चेतना की जीवंत पहचान हैं”
“कला केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली संवेदनशील शक्ति है”
मेरठ। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग, विश्व नारी अभ्युदय संगठन (WWAO) मेरठ चैप्टर एवं ललित कला संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा का शुभ आगमन हुआ। उनके आगमन से कार्यशाला का वातावरण कला, सृजन और उत्साह से सराबोर हो उठा।अयोध्या में श्री राम मंदिर में स्थापित रामलाल की मूर्ति का स्केच ( रेखांकन) डॉ विष्णु सुनील कुमार विश्वकर्मा द्वारा ही किया गया था
इस अवसर पर डॉ. विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों के मध्य लाइव डेमो प्रस्तुत करते हुए अत्यंत सुंदर पेंटिंग का निर्माण किया। डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने भारतीय कला-सौंदर्य पर आधारित पारंपरिक आध्यात्मिक चित्रण का लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत करते हुए कार्यशाला के प्रतिभागियों को कला की सूक्ष्म बारीकियों, रंग संयोजन, रेखांकन तथा भावाभिव्यक्ति की विशेषताओं से अवगत कराया। उनके सजीव चित्रण ने विद्यार्थियों को भारतीय पारंपरिक कला की गहनता और आध्यात्मिक संवेदनाओं से परिचित कराया। कलाकार की तूलिका से कैनवास पर उभरते रंगों और भावों को देखकर उपस्थित विद्यार्थी मंत्रमुग्ध हो उठे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास, सृजनशीलता और कला के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “कला एक कलाकार की आत्मा होती है, जो रंगों और रेखाओं के माध्यम से समाज को संवेदनशीलता और सौंदर्य का संदेश देती है।” उन्होंने कहा कि “भारतीय लोक कलाएँ हमारी सांस्कृतिक चेतना की जीवंत पहचान हैं।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि “कला केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली संवेदनशील शक्ति है।” उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। प्रशिक्षकों में डॉ. प्रिंस राज, सुश्री दीपांजलि वी एवं सुश्री विनीता गुप्ता को पटका पहनाकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अति विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. दुर्जन सिंह राणा, प्रोफेसर के. शर्मा एवं प्रोफेसर जे. ए. सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा कला के क्षेत्र में निरंतर सृजनशील बने रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर अलका तिवारी ने अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा एवं राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य ललित कला अकादमी द्वारा ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला का आयोजन ललित कला संस्थान में कराए जाने का निर्णय संस्था के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि अकादमी द्वारा ललित कला संस्थान पर व्यक्त किया गया यह विश्वास कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में कार्य कर रहे विद्यार्थियों और कलाकारों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश का हार्दिक आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. शालिनी धाम, डॉ. रीता सिंह, सुश्री दीपांजलि, कृतिका, शिल्पी शर्मा, शालिनी त्यागी, सुदेश कुमार एवं खालिद का विशेष योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment