खेल विश्वविद्यालय के कुलपति ई-रिक्शा से पहुंचे कार्यालय
प्रधानमंत्री मोदी के ईंधन संरक्षण आह्वान का किया समर्थन
मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की पर्यावरण संरक्षण पहल को समर्थन देते हुए तथा ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के मद्देनजर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत के आह्वान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त) शनिवार को ई-रिक्शा से अपने कार्यालय पहुंचे।
वर्तमान में खेल विश्वविद्यालय का प्रशासनिक कार्यालय सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर से संचालित हो रहा है, क्योंकि सालावा स्थित विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर अभी निर्माणाधीन है।
पर्यावरण अनुकूल परिवहन का उपयोग कर कुलपति ने पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत तथा वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने का सशक्त संदेश दिया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके इस प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त) ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास मिलकर देशहित में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। शैक्षणिक संस्थानों को सतत एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने में उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि जहां तक संभव हो निजी वाहनों के उपयोग को कम करने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी और स्वस्थ पर्यावरण को बढ़ावा मिलेगा।


No comments:
Post a Comment