शांति और सुरक्षा के बीच हुई नमाज, मांगी अमन-चैन की दुआ, मेरठ में छावनी बना चौराह

मेरठ। जिले में ईद उल अजहा का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। मेरठ समेत विभिन्न जिलों में ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। रेलवे रोड चौराहे को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में बदल दिया गया। चौराहे और ईदगाह के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए वायुसेना के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से ईदगाह की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई और अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाई गई। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए रखी।

सड़क पर नमाज रोकने की सख्ती पर जताई नाराजगी, शाही ईदगाह में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

बकरीद के मौके पर शाही ईदगाह में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तय समय से पहले ही ईदगाह परिसर पूरा भर गया, जिसके बाद रेलवे रोड चौराहा और मेट्रो प्लाजा के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों को रोक दिया। इस दौरान कई लोगों ने सड़क पर नमाज न पढ़ने देने के फैसले पर नाराजगी जताई।

कारी शफीकुर्रहमान कासमी ने तकरीर करते हुए हजरत इब्राहिम और हजरत इस्माइल की कुर्बानी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुर्बानी का मकसद अल्लाह की राह में त्याग और समर्पण की भावना है। उन्होंने कहा कि अल्लाह तक गोश्त या खून नहीं, बल्कि इंसान का जज़्बा पहुंचता है।

ड्रोन कैमरों से हुई निगरानी

शहरकाजी सालेकीन ने ईद की नमाज अदा कराई। सुबह करीब पौने सात बजे ही ईदगाह की क्षमता पूरी हो गई थी। इसके बाद अतिरिक्त लोगों को रेलवे रोड चौराहे और मेट्रो प्लाजा के पास रोक दिया गया, जिससे कुछ लोगों में नाराजगी देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिलाधिकारी और एसएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।

मौके पर पुलिस और कुछ लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश सीमित किया था। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित कर ली और नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

नमाजियों ने मांगी देश में अमन-चैन की दुआ

नमाज के बाद देश में शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई गई। मौलाना इंतजार ने लोगों से खुले में कुर्बानी न करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कुर्बानी के अवशेष इधर-उधर न फेंकने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी दिया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts