छात्र नेता विनीत चपराना के अल्टीमेटम का बड़ा असर
जागी मेरठ नगर निगम की 'कुंभकर्णी नींद', हटने लगा कूड़े का पहाड़
मेरठ। जागृति विहार रिंग रोड एक्सटेंशन क्षेत्र में लंबे समय से लगे कूड़े के ढेर को लेकर उठ रही शिकायतों के बीच आखिरकार नगर निगम की “कुंभकर्णी नींद” टूट गई। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्र नेता विनीत चपराना द्वारा दिए गए सख्त अल्टीमेटम के बाद रविवार सुबह नगर निगम की टीम जेसीबी और डंपरों के साथ मौके पर पहुंची और सफाई अभियान शुरू कर दिया।
क्षेत्र में लंबे समय से जमा कूड़े के कारण स्थानीय लोगों को बदबू, गंदगी और बीमारियों के खतरे का सामना करना पड़ रहा था। आसपास कई बड़े स्कूल और रिहायशी इलाके होने की वजह से लोगों में बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिंता बनी हुई थी। स्थानीय निवासियों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्र नेता विनीत चपराना ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि जल्द कूड़ा नहीं हटाया गया तो नगर निगम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। उनके अल्टीमेटम के बाद प्रशासन हरकत में आया और रविवार सुबह सफाई अभियान शुरू कर दिया गया।
नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से कूड़े के बड़े ढेर हटाने का काम शुरू किया, जबकि डंपरों के जरिए कचरे को वहां से बाहर ले जाया गया। सफाई कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि जल्द ही पूरा क्षेत्र स्वच्छ और साफ दिखाई देगा।


No comments:
Post a Comment