ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार 3 युवकों की मौत

30 फीट दूर जा गिरे युवक, हाईवे पर शव बिखरे, ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार

प्रतापगढ़।प्रतापगढ़ जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-56 पर सेवरा गांव के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइकों पर सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक से करीब 30 फीट दूर जा गिरे। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद ड्राइवर ट्रेलर लेकर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर की रफ्तार तेज थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे। सूचना मिलते ही धमोतर थाना अधिकारी घीसू लाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत प्राइवेट वाहनों की व्यवस्था कर तीनों शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।

जिले भर में नाकाबंदी

थाना अधिकारी घीसू लाल ने बताया- मृतकों के पास मिले आधार कार्ड के माध्यम से उनकी पहचान की गई। एक बाइक पर सवार राजू (35) पिता हकूरू, निवासी पीपली खेड़ा टिकनीया (प्रतापगढ़) था, तो दूसरी बाइक पर अकलाख (29) पिता हजन और अब्बास (30), दोनों निवासी जगपुरा (राजसमंद) थे। पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक को पकड़ने के लिए जिलेभर में नाकाबंदी करवाई, मगर वह हाथ नहीं आया।

5 बेटियों और एक बेटा के सिर से छिन गया साया

राजू (मृतक) के साले रूपलाल ने बताया- राजू मजदूरी करता था। शनिवार को एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सेवरा गांव आया हुआ था। देर रात कार्यक्रम से निकलने के बाद महज डेढ़ किलोमीटर दूर ही वह इस हादसे का शिकार हो गया।

राजू अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी पांच लड़कियां और एक लड़का है। पिता की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया।

राजसमंद निवासी अब्बास और अकलाख भी मजदूरी के सिलसिले में प्रतापगढ़ आए थे। वे काम निपटाकर देर रात वापस राजसमंद लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

अब्बास (मृतक) के बड़े भाई शाहरुख ने बताया- अब्बास और अकलाख चचेरे भाई हैं। दोनों लकड़ी कटाई का काम करते थे। काम की तलाश में प्रतापगढ़ आए थे। अब्बास ने रात 8 बजे फोन पर बताया था कि वह घर आ रहा है। इसके बाद देर रात हादसे की सूचना मिली।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts