दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के शुरू होने का असर  

   मेरठ एक्सप्रेसवे और रुड़की हाईवे पर घटे वाहन

 मेरठ। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे इकोनामिक कारिडोर शुरू हुए अभी एक माह भी नहीं बीता है। मेरठ-रुड़की-हरिद्वार हाईवे (पुराना एनएच-58) पर परतापुर से दौराला तक रेस्तरां व ढ़ाबा संचालकों का कारोबार प्रभावित हुआ हैं। अब रूड़की -हरिद्वार हाइवे पर दिल्ली,हरियाणा व राजस्थान की गाड़िया कम ही नजर आ रही है। 

मेरठ-रुड़की हाईवे स्थित सिवाया टोल प्लाजा के वरिष्ठ मैनेजर अनुज सोम ने बताया कि 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे इकोनामिक कारिडोर शुरू हुआ, उसका असर मेरठ-रुड़की हाईवे पर पड़ रहा हैं।

वीकेंड पर शनिवार व रविवार को सामान्य दिनों की तुलना में दस प्रतिशत अधिक वाहनों का आवागमन होता था पर अब इसमें कमी हो रही है।दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान नंबर की गाड़ियां हाईवे पर कम नजर आ रही हैं। जिन वाहन स्वामियों या चालको को मेरठ होते हुए हरिद्वार व ऋषिकेश जाना है, वहां हाईवे से जा रहे हैं।

मेरठ एक्सप्रेसवे पर काशी टोल प्लाजा के मैनेजर दिनेश छोकर ने बताया कि इकोनामिक कारिडोर शुरू होने से मेरठ एक्सप्रेसवे पर असर पड़ा है। दिल्ली से देहरादून जाने वाली ई- बसें अब एक्सप्रेसवे के बजाय नए कारिडोर से जा रही है।

रेस्टोरेंट, ढाबों के कारोबार पर प्रभाव

दिल्ली देहरादून हाईवे पर कंकरखेड़ा के समीप स्थित ग्रैंड 5 -फाइव रिसोर्ट एंड रेस्टोरेंट के संचालक तुषार चौधरी का कहना है कि दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे इकोनामिक कारिडोर शुरू होने के बाद कारोबार पर 10-15 प्रतिशत का असर पड़ा है।

मोदीपुरम के समीप स्थित पंडित ढाबा के संचालक आशीष शर्मा का कहना है कि दिल्ली देहरादून हाईवे पर अब दिल्ली, हरियाणा नंबर की गाड़ियां बहुत कम देखने को मिल रही हैं।

कारोबार 10 से 15 प्रतिशत कम हुआ है। मोदीपुरम स्थित अनुपम होटल के स्वामी अनुज चौहान का कहना है कि उनके यहां 20 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हुआ है।

बिग बाइट रेस्तरां के मैनेजर शिवेंद्र सिंह का कहना है कि दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे इकोनामिक कारिडोर शुरू होने के बाद रेस्तरां में कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ा है। बड़ा कारण है कि इस रेस्तरां में स्थानीय ग्राहक अधिक आते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts