रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच विद्यार्थियों को दी भावभीनी विदाई
मेरठ।सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस द्वारा रानी लक्ष्मीबाई ऑडिटोरियम में बीएससी एवं एमएससी अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य, भावनात्मक एवं उल्लासपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई देना तथा उनके साथ बिताए गए अविस्मरणीय पलों को संजोना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह, शिक्षकों के स्नेह और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) आर.के. जैन, डीन, फैकल्टी ऑफ साइंस; डॉ. सौरभ त्यागी तथा विभिन्न विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण सकारात्मकता, ऊर्जा एवं ज्ञान के प्रकाश से आलोकित हो उठा।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) आर.के. जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर सीखने की भावना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं संस्कारों के बल पर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। समारोह का सांस्कृतिक चरण अत्यंत आकर्षक एवं मनोरंजक रहा। जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के सम्मान में रंगारंग नृत्य, मधुर संगीत और हास्य-नाट्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। प्रस्तुतियों में जहां उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली, वहीं सीनियर्स के प्रति सम्मान, प्रेम और अपनापन भी स्पष्ट रूप से झलकता रहा। ऑडिटोरियम तालियों की गूंज और विद्यार्थियों के उत्साह से सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम का सबसे रोमांचक एवं बहुप्रतीक्षित आकर्षण “मिस्टर एवं मिस फेयरवेल 2026” प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों के लिए तीन चरण आयोजित किए गए। रैंप वॉक राउंड में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और सौम्यता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। टैलेंट हंट राउंड में प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, कविता पाठ एवं मिमिक्री जैसी विविध प्रतिभाओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं प्रश्नोत्तर राउंड में प्रतिभागियों की बुद्धिमत्ता, अभिव्यक्ति शैली और त्वरित निर्णय क्षमता का परीक्षण किया गया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद विजेताओं की घोषणा की गई, जिसमें कृषि विभाग के अमित कुमार को “मिस्टर फेयरवेल 2026” तथा जीव विज्ञान विभाग की सुश्री रजिया सुल्ताना को “मिस फेयरवेल 2026” चुना गया। विजेताओं के नामों की घोषणा होते ही पूरे सभागार में तालियों और उत्साह का माहौल छा गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विभाग के प्रति योगदान को सम्मानित करने के लिए “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” पुरस्कार भी प्रदान किए गए। बेसिक साइंस विभाग की कीर्ति सिंह, जीव विज्ञान विभाग के अंजनी त्यागी, कृषि विभाग की अवनी सिंह तथा फोरेंसिक साइंस विभाग की ओशीन सिंह को इस सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम की सफलता में विभागाध्यक्ष डॉ. सौरभ त्यागी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. सरिता राणा, डॉ. आदेश, डॉ. अनुप्रिया राणा, डॉ. महिमा शर्मा तथा कॉलेज के अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। समारोह का समापन सांस्कृतिक समिति द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें डीन महोदय, समस्त फैकल्टी सदस्यों, आयोजकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके पश्चात आयोजित डीजे सेशन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर अपने कॉलेज जीवन की यादगार यात्रा को हंसी, उमंग और अविस्मरणीय पलों के साथ यादगार बना दिया।


No comments:
Post a Comment