मेरठ कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स पाठ्यक्रम को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से मिली संबद्धता
नया शैक्षिक सत्र 2026-27 से होगा प्रारंभ, बीकॉम आर्नस से अध्ययन कर सकेंगे छात्र
मेरठ। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मेरठ कॉलेज, मेरठ को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से बीकॉम ऑनर्स पाठ्यक्रम की संबद्धता प्राप्त हो गई है। यह नया पाठ्यक्रम आगामी शैक्षिक सत्र 2026-27 से महाविद्यालय में प्रारंभ किया जाएगा। अब विद्यार्थियों को पारंपरिक बीकॉम के साथ-साथ बीकॉम ऑनर्स में अध्ययन करने का भी अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीकॉम ऑनर्स एक तीन से चार वर्ष का पूर्णकालिक स्नातक पाठ्यक्रम है, जिसे विशेष रूप से फाइनेंस, अकाउंटिंग और मैनेजमेंट जैसे विषयों में गहन अध्ययन और व्यावसायिक दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक वाणिज्यिक शिक्षा, वित्तीय विश्लेषण, लेखांकन सिद्धांतों तथा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। महाविद्यालय में इस पाठ्यक्रम के लिए 60 सीटें निर्धारित की गई हैं।
महाविद्यालय के सचिव श्री विवेक कुमार गर्ग ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेरठ कॉलेज सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि बीकॉम ऑनर्स की शुरुआत से विद्यार्थियों को महानगरों के प्रतिष्ठित संस्थानों के समान उच्च स्तरीय वाणिज्य शिक्षा अपने ही शहर में उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में मेरठ कॉलेज का उद्देश्य है कि दिल्ली से भी कम से कम 20% छात्र प्रवेश लें, क्योंकि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मेरठ एवं दिल्ली के बीच नमो भारत रैपिड रेल का संचालन प्रारंभ हो चुका है, जिससे लगभग 50 मिनट में दिल्ली से मेरठ पहुँचना संभव हो गया है।
इसी अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर युद्धवीर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि “बीकॉम ऑनर्स पाठ्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति का एक नया अध्याय है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को वाणिज्य एवं प्रबंधन के क्षेत्र में गहन ज्ञान प्रदान करेगा तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। मेरठ कॉलेज सदैव छात्रों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है।”
मेरठ कॉलेज के प्रेस प्रवक्ता प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने बीकॉम ऑनर्स पाठ्यक्रम के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कोर्स व्यावसायिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने बताया कि यह पाठ्यक्रम CA, CS, CMA तथा MBA जैसे उच्च व्यावसायिक एवं प्रबंधन पाठ्यक्रमों के लिए मजबूत आधार प्रदान करता है।
उन्होंने आगे कहा कि बीकॉम ऑनर्स के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए करियर के अनेक विकल्प खुलते हैं, जिनमें फाइनेंशियल एनालिस्ट, अकाउंटेंट, टैक्स सलाहकार तथा मैनेजर जैसे प्रमुख पद शामिल हैं।


No comments:
Post a Comment