एक चूहे ने 3500 परिवारों का किया बुरा हाल

 9 घंटे बिजली-पानी को तरस गए लोग

मेरठ। सैनिक विहार बिजली उपकेंद्र के तीन फीडर में फाल्ट होने से छह से नौ घंटे तक साढ़े तीन हजार परिवारों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। सर्किट ब्रेकर में चूहा घुस जाने के कारण धमाके साथ फाल्ट हुआ। बड़ी संख्या में लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा।

शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे बिजली गुल हो गई। जिससे नंगलाताशी मुख्य बाजार, अशोक नगर, सैनिक विहार ए ब्लाक, बी ब्लाक के अलावा ड्रीम सिटी, आर्क सिटी और श्रद्धापुरी फेज-दो की बिजली चली गई। सुबह तक जब बिजली नहीं आई तो लोगों ने उपकेंद्र पर संपर्क किया।

नंगलाताशी निवासी अनिल कुमार, संजीव, कृष्णानगर निवासी राहुल और अनिल उपकेंद्र पहुंचे। स्थानीय पार्षद सीमा प्रजापति ने बताया कि पानी आपूर्ति की समस्या होने पर लोग आक्रोषित हो गए। सुबह साढ़े आठ बजे तीन में से दो फीडर चालू कर दिए गए, जिसके बाद पेयजल की ट्यूबवेल को चालू किया जा सका। इसके बाद 10 बजे फिर से शट डाउन लिया गया।

अवर अभियंता दिवाकर सिंह ने बताया कि नंगलाताशी फीडर का सर्किट ब्रेकर चूहे के फंसने के क्षतिग्रस्त हो गया। दोपहर साढ़े 12 बजे आपूर्ति सुचारु कर दी गई। वहीं पार्षद पति सतीश प्रजापति ने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद भी कट लगते रहे तीन बजे के बाद आपूर्ति सुचारु हो पाई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts