एक करोड़ 20 लाख की हीरोइन के साथ नशे का सौदागर गिरफ्तार

-सरुरपुर पुलिस और एएनटीएफ टीम ने अंतर्जनपदीय तस्कर को दबोचा

-बरेली से बाइक पर शामली लेकर जा रहा था हीरोइन, नकदी भी बरामद की

मेरठ, लोकसत्य। सरुरपुर पुलिस और एएनटीएफ सहारनपुर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्जनपदीय सूखे नशे की तस्करी करने वाले सौदागर को पकड़ा है। उसके पास से पुलिस ने एक करोड़ बीस लाख रुपये की हीरोइन बरामद की है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी बाइक से बरेली से हीरोइन लेकर शामली जा रहा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी का चालान कर दिया।

एसएसपी अविनाश पांडेय के आदेश पर पुलिस लगातार नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चला रही है और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए एक दूसरे जिले की पुलिस से सूचनाओं का आदान प्रदान भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया, एएनटीएफ थाना सहारनपुर को सूचना मिली थी कि एक तस्कर बरेली से नशीला पदार्थ लेकर बाइक से मेरठ होते हुए शामली जाने वाला है। सूचना के आधार पर सरुरपुर थाना प्रभारी गौरव सिंह ने एसआई नवीन कुमार एएनटीएफ थाना सहारनपुर के साथ मिलकर नशे के सौदागर को पकड़ने के लिए भूनी टोल प्लाजा पर जाल बिछा दिया। इसी दौरान संदेह के आधार पर टीम ने बाइक सवार एक युवक को चेकिंग के लिए रोका तो उसके पास से 640 ग्राम हीरोइन मिली। इसके बाद पुलिस आरोपी को अपनी गिरफ्त में लेने के बाद थाने लेकर आ गई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया, वह बरेली से हीरोइन लेकर शामली लेकर जा रहा था। पुलिस ने पकड़े गए नशे के सौदागर का नाम शौकीन अली निवासी पावटी कलां गांव थाना कैराना जिला शामली बताया है। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हीरोइन की कीमत एक करोड़ बीस लाख रुपये बताई है। पुलिस ने आरोपी से हीरोइन के अलावा बाइक, एक हजार की नकदी और एक मोबाइल भी बरामद किया है। सरुरपुर थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया, शौकीन पहले भी नशे की खेप पहुंचाने के आरोप में पकड़ा जा चुका है। उस पर शामली जिले में कई मुकदमे दर्ज है। पुलिस अब शौकीन के पूरे नेटवर्क के बारे में पता कर रही है, ताकि बाकी आरोपियों पर भी कानूनी शिकंजा कसा जा सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts