1495 बेटियों के हाथ पीले करेगी प्रदेश सरकार 

- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलेगी आर्थिक मदद 

- प्रदेश सरकार ने मेरठ जिले के लिए जारी किया 14 करोड़ 95 लाख का बजट

- पिछली बार 1165 जोड़ों को मिला था सामूहिक विवाह योजना का लाभ 

मेरठ। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की विवाह योग्य बेटियों को इस वर्ष भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इस योजना के तहत मेरठ जिले के लिए 14 करोड़ 95 लाख रूपये का बजट जारी किया है। इस धनराशि से जिले में विवाह योग्य 1495 बेटियों के हाथ पीले कराए जाएंगे। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वर्ष 2017-2018 में प्रांरभ की गई थी। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी युगल के विवाह पर प्रदेश सरकार एक लाख रूपये का खर्च वहन करती है। इसमें से 60 हजार की धनराशि कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है। 25 हजार रूपये की धनराशि से वैवाहिक जोड़ों को गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया जाता है। शेष 15 हजार रूपये की धनराशि आयोजन के खर्च पर वहन की जाती है। इस वर्ष के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी हो गई है। सरकार की तरफ से मेरठ जिले में 1495 जोड़ों को सामूहिक विवाह योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके लिए 14 करोड़ 95 लाख रूपये की धनराशि का बजट जारी किया गया है। 

जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष जिले में कुल 1165 जोड़ों को इस योजना का लाभ मिला था। इसके लिए प्रशासन की ओर से दो चरणों में सामूहिक विवाह का आयोजन कराया गया था। इस वर्ष भी प्रत्येक पात्र परिवार की विवाह योग्य बेटियों को इस योजना का लाभ प्रदान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि  कि लोगों को बिचौलियों से बचाने के लिए शासन ने आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है।  


इन लोगों को ही मिलेगा योजना का लाभ

योजना का लाभ लेने के लिए कन्या की आयु 18 वर्ष और वर की आयु 21 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। यह योजना उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और अधिकतम 3 लाख रूपये वार्षिक आय वाले सभी वर्गों के परिवारों के लिए है। योजना का लाभ उन्हीं कन्याओं को दिया जाएगा, जिनका विवाह तय हो गया है और पूर्व में विवाह नहीं हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts