गांव-गांव बंद पड़े सामुदायिक शौचालय, अधिकारी बेखबर

खुले में शौच को मजबूर हो रहे ग्रामीण

छतारी : स्वच्छता अभियान के तहत लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए सामुदायिक शौचालय अब बदहाल स्थिति में बंद पड़े हैं। ग्रामीणों को खुले में शौच से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से गांव-गांव इन शौचालयों का निर्माण कराया गया था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते अधिकांश शौचालय का संचालन नहीं हो रहा है। 

छतारी क्षेत्र के बीकापुर, रामनगर, रुसी, सालाबाद समेत कई गांवों में बने सामुदायिक शौचालय उपयोग में नहीं आ रहे हैं। मजबूरी में ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है, जिससे एक ओर स्वच्छता अभियान की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि जिन शौचालयों के संचालन के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई थी, वे भी केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय बंद होने के बावजूद संबंधित कर्मचारियों के खातों में नियमित रूप से वेतन भेजा जा रहा है। उधर, पहासू एडीओ पंचायत सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि शौचालयों के संचालन के लिए पंचायत सचिवों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बावजूद शौचालय बंद पाए जाते हैं तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts