असम, केरल और पुदुचेरी राज्यों में मतदान जारी
- दोपहर एक बजे तक असम में मतदान 60 प्रतिशत के पार
- केरल-पुदुचेरी में भी 50 प्रतिशत से अधिक वोटिंग
नई दिल्ली (एजेंसी)।असम, केरल, पुदुचेरी राज्यों में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। दोपहर एक बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 59.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। पुदुचेरी में 56.83 प्रतिशत और केरल में 49.70 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है।
असम के मुख्यमंत्री और जलुकबारी से उम्मीदवार हिमंता बिस्वा सरमा ने अपनी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा और बच्चों के साथ कामपुर के एक मतदान केंद्र पर असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना वोट डाला। इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने जीत पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा, 100 प्रतिशत जीत तय है।
केरल विधानसभा चुनाव के लिए तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डालने के बाद सीपीआई के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने एलडीएफ की बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, पूरे राज्य से खबरें आ रही हैं कि मतदाता एलडीएफ को वोट देने के लिए उमड़ रहे हैं। केरल में कांग्रेस और भाजपा के अपवित्र गठबंधन को हराना होगा।
असम विधानसभा चुनाव के बीच सोनितपुर जिले के नदुआ निर्वाचन क्षेत्र में तैनात एक मतदान अधिकारी मृत पाए गए। मृतक का नाम देबेन होरो था और उनकी उम्र 45 वर्ष थी। वह डोलापानी एलपी स्कूल के मतदान केंद्र संख्या 230 पर दूसरे मतदान अधिकारी के रूप में तैनात थे। अधिकारियों ने बताया कि देबेन होरो आज सुबह अपने बिस्तर पर बेहोश मिले थे। जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत का असली कारण अभी साफ नहीं है। हालांकि, डॉक्टरों को किसी पुरानी बीमारी का शक है। देबेन होरो चारीद्वार क्षेत्र के रहने वाले थे और एक सरकारी स्कूल में सहायक शिक्षक थे। इस घटना का मतदान पर कोई असर नहीं पड़ा।


No comments:
Post a Comment