गन्ना सर्वेक्षण कार्य आज से होगा
प्रारम्भ
सटीकता और पारदर्शिता को सुनिश्चित करने हेतु गन्ना सर्वेक्षण जी.पी.एस. आधारित प्रणाली एवं स्मार्ट गन्ना किसान परियोजना का समन्वित उपयोग किया जाएगा -राजीव राय
ऑनलाइन घोषणा-पत्र में जानकारी न देने पर आपूर्ति अनुबंध पर रोक संभव
गश्ती केन रजिस्टर के प्रत्येक पृष्ठ पर सर्वे टीम के अनिवार्य हस्ताक्षर
उप गन्ना आयुक्त ने भीषण गर्मी को देखते हुए सर्वे में लगे कार्मिकों से सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की
मेरठ। मेरठ परिक्षेत्र में आगामी पेराई सत्र 2026-27 के लिए नई गन्ना सर्वेक्षण नीति लागू कर दी गई है, जिसके तहत सर्वेक्षण कार्य 01 मई, 2026 यानी आज से शुरू हो रहा है। । गन्ना उत्पादन का सटीक आकलन सुनिश्चित करने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से यह सर्वे स्मार्ट गन्ना किसान प्रोजेक्ट के अंतर्गत जी.पी.एस. तकनीक के माध्यम से किया जाएगा। उक्त जानकारी उप गन्ना आयुक्त ने दी।
उप गन्ना आयुक्त राजीव राय ने बताया कि किसानों द्वारा बोए गए गन्ना क्षेत्रफल का विवरण संबंधित पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा, जहां प्रत्येक किसान को अपना घोषणा-पत्र स्वयं ऑनलाइन भरना अनिवार्य होगा। यदि कोई किसान निर्धारित समय में ऑनलाइन घोषणा-पत्र प्रस्तुत नहीं करता है, तो विभाग द्वारा उसका गन्ना सट्टा पेराई सत्र 2026-27 में किसी भी समय निरस्त किया जा सकता है।
श्री राय ने यह भी बताया कि सर्वे नीति में पारदर्शिता के दृष्टिगत सर्वे टीम के खेत पर पहुंचने की तिथि, सर्वे टीम के इंचार्ज के नाम व मोबाइल नम्बर की सूचना संबंधित टीम द्वारा एस.एम.एस. के माध्यम से सर्वे की तिथि से 03 दिन पूर्व किसानों को प्रेषित कर दी जायेगी। गन्ना सर्वेक्षण कार्य संयुक्त टीम के माध्यम से पूर्ण किया जायेगा, इस टीम में राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक, चीनी मिल कार्मिक के साथ-साथ संबंधित सर्किल के किसान की उपस्थिति अनिवार्य होगी, प्रत्येक सर्किल हेतु एक सर्किल इन्चार्ज नियुक्त किया जायेगा।
उप गन्ना आयुक्त ने यह भी बताया कि गन्ना सर्वेक्षण में जी.पी.एस. का प्रयोग करते समय कम्प्यूटरीकृत गश्ती केन रजिस्टर के प्रत्येक पृष्ठ पर सर्वे टीम द्वारा हस्ताक्षर भी किये जायेंगे। गन्ना सर्वेक्षण का कार्य दिनांक 01 मई, 2026 से आरम्भ कर दिनांक 30 जून, 2026 तक पूर्ण किया जायेगा।
सर्वेक्षण समाप्ति के पश्चात् कम्प्यूटरीकृत गश्ती केन सर्वे रजिस्टर में गन्ना क्षेत्रफल का सारांश (गोशवारा) तैयार करते हुए कम्प्यूटरीकृत गश्ती केन सर्वे रजिस्टर के अंतिम पृष्ठ पर संबंधित चीनी मिल के सर्वे कर्मी, विभागीय गन्ना पर्यवेक्षक, समिति कार्मिक, संबंधित ब्लाक इंचार्ज, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक एवं चीनी मिल के महाप्रबन्धक (गन्ना) के संयुक्त हस्ताक्षर उपरान्त सर्वे आंकड़ों को अन्तिम रूप दिया जायेगा।
उप गन्ना आयुक्त ने तीव्र गर्मी की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सर्वेक्षण कार्य में लगे सभी कार्मिकों से सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील करते हुए कहा की फील्ड में कार्य के दौरान पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता रखें, नियमित अंतराल पर विश्राम लें तथा तेज धूप से बचाव के लिए आवश्यक उपाय जैसे सिर ढकना, हल्के वस्त्र पहनना और दोपहर के अत्यधिक तापमान के समय अनावश्यक कार्य से बचना अनिवार्य रूप से अपनाया जाए। साथ ही, किसी भी प्रकार की अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत चिकित्सीय परामर्श लेने की भी सलाह दी गई है, ताकि सर्वे कार्य सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। दिनांक 01 मई, 2026 से दिनांक 30 जून, 2026 तक चलने वाले गन्ना सर्वेक्षण कार्य का समय-समय पर यथा निर्देश मुख्यालय एवं परिक्षेत्र के अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण भी किया जायेगा।


No comments:
Post a Comment