जनगणना को लेकर चल रहे प्रशिक्षण स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण
मेरठ। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत छावनी क्षेत्र में जनगणना कार्य हेतु पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के प्रशिक्षण का दूसरे दिन का सत्र दर्शन एकेडमी मेरठ कैंट में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल द्वारा प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कक्षाओं में जाकर पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों से संवाद किया तथा जनगणना के विभिन्न पहलुओं, विशेषकर हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB), बिल्डिंग, जनगणना मकान एवं परिवार आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षुओं द्वारा सीखे गए जनगणना के महत्व, आवश्यकता, नियम एवं शर्तें तथा परिभाषाओं के संबंध में प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रश्न भी पूछे गए। साथ ही प्रथम चरण में HLB तैयार करने की प्रक्रिया पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना कार्य एक पुनीत एवं अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसमें सभी का पूर्ण योगदान अपेक्षित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। डीएम प्रशिक्षण केंद्र पर संचालित व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता से संतुष्ट दिखाई दिए तथा जिला जनगणना प्रभारी श्री शिव कुमार एवं छावनी परिषद के प्रशिक्षण स्थल के इंचार्ज, सहायक अभियंता श्री पीयूष गौतम द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी सुश्री नूपुर गोयल ने दर्शन एकैडमी में अध्ययनरत बच्चों से उनके कक्ष में जाकर भेंट की। उन्होंने बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक समय व्यतीत किया तथा विभिन्न विषयों पर संवाद किया। बच्चों ने भी अधिकारियों से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की।


No comments:
Post a Comment