बाथरूम में मिला इंस्पेक्टर (क्राइम) का शव

- पुवायां थाने में थे तैनात, हार्ट अटैक से मौत की आशंका
शाहजहांपुर (एजेंसी)।शाहजहांपुर के पुवायां थाने में निरीक्षक अपराध (इंस्पेक्टर क्राइम) के पद पर कार्यरत और वर्तमान में कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेश कुमार (49) शनिवार सुबह आवास के बाथरूम में मृत पाए गए। डॉक्टर ने हार्टअटैक से मौत होने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से उन्नाव के थाना बारा सगवर के गांव हिश्यामपुर निवासी राजेश कुमार वर्ष 1997 में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। इसके बाद पदोन्नति पाते हुए इंस्पेक्टर के पद तक पहुंचे थे और पुवायां थाने में 29 अगस्त 2025 से तैनात थे। थाना प्रभारी रवि करन सिंह बीमारी के कारण अवकाश पर गए थे। राजेश कुमार के पास थाना प्रभारी का चार्ज था।
शनिवार सुबह राजेश कुमार थाना परिसर में बने आवास के बाथरूम में नहाने गए थे। स्टाफ के कई बार कॉल करने पर भी उनका फोन रिसीव नहीं हुआ तो पुलिसकर्मी आवास पर पहुंचे। राजेश कुमार को बाथरूम में पड़ा देख पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। राजेश को तुरंत सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया।
जानकारी पाकर तमाम पुलिसकर्मी सीएचसी पहुंचे। राजेश कुमार के परिजनों और अधिकारियों को भी सूचना दी गई। एसपी ग्रामीण भांवरे दीक्षा अरुण ने सीएचसी पहुंचकर जानकारी ली। राजेश कुमार के परिजन शाहजहांपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।  
एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि पुवायां के इंस्पेक्टर क्राइम राजेश कुमार को सीएचसी भिजवाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, हार्ट अटैक से मौत प्रतीत हो रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts