डिजिटल कंटेंट से विद्यार्थियों को नवाचारी बनाए: प्रो. संगीता शुक्ला
- इतिहास विषय पर बनाए लघु फिल्म व डाॅक्यूमेंट्री
- इतिहास विभाग में अंबेडकर जयंती पर चित्र प्रदर्शनी का आयोजन
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में आज डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम श्रृंखला का शुभारंभ एक भव्य चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय के प्रति उनका दृष्टिकोण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि इतिहास विभाग द्वारा आयोजित यह चित्र प्रदर्शनी विद्यार्थियों को अंबेडकर के विचारों, उनके संघर्षों और उनके अतुलनीय योगदान को समझने का एक सशक्त माध्यम प्रदान करेगी। कुलपति ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक प्रयास शिक्षा को अधिक जीवंत और प्रभावी बनाते हैं।
कुलपति प्रो. शुक्ला ने आगे कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पारंपरिक शिक्षण के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। इतिहास जैसे विषय में डॉक्यूमेंट्री, लघु फिल्में और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से विद्यार्थियों को अधिक रचनात्मक और नवाचारी बनाया जा सकता है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि इतिहास विभाग भविष्य में ऐसे प्रयासों को और विस्तारित करेगा, जिससे यह विभाग अन्य विश्वविद्यालयों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन सके। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने अध्ययन के साथ-साथ कुछ ऐसा विशिष्ट और नवोन्मेषी करें, जिससे उनकी अलग पहचान स्थापित हो सके। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. अनिल कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस युग में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर विद्यार्थियों को नवाचार की दिशा में प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।
यह चित्र प्रदर्शनी इतिहास विभाग स्थित संग्रहालय में आयोजित की गई, जिसमें डॉ. अंबेडकर के जीवन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, रजिस्ट्रार डॉ. अनिल कुमार, इतिहास विभागाध्यक्ष एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा, शोध निदेशक एवं कुलानुशासक प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. विघ्नेश कुमार, प्रो. आराधना, प्रो. ए.वी. कौर, प्रो. नीलू जैन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य शिक्षकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम से पूर्व कुलपति एवं रजिस्ट्रार का शॉल ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे सभी उपस्थितजनों ने सराहा।
कार्यक्रम में प्रो. राकेश शर्मा, डॉ. विवेक त्यागी, डॉ. कुलदीप कुमार त्यागी, डॉ. योगेश कुमार, डॉ. मनीषा, डॉ. शालिनी प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। ईशा, संध्या, चिराग, शगुना, अपेक्षा कुशगिरी आदि विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुलदीप कुमार त्यागी ने किया। विभागाध्यक्ष प्रो. कृष्णकांत शर्मा ने सभी का स्वागत किया, जबकि प्रो. विघ्नेश कुमार ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment