मुंबई और जयपुर की तरह मेरठ में बनेगा ज्वेलरी पार्क, कार्ययोजना पर हुई चर्चा
ज्वेलरी पार्क बनने से मेरठ के 50 हजार परिवारों को मिलेगा लाभ
मेरठ। मेरठ के सर्राफा कारोबार को संगठित, सुरक्षित और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में मेरठ जेम्स एंड ज्वेलरी फेडरेशन की आम सभा आईएमए हॉल में गुरुवार को संपन्न हुई। इसका मुख्य उद्देश्य मेरठ में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा करना था।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनन्द अग्रवाल ने बताया कि सेंट्रल मार्केट की तंग गलियां, पार्किंग की किल्लत, प्रदूषण, सोने की रिकवरी में नुकसान और सुरक्षा का अभाव व्यापार की वृद्धि को बाधित कर रहा है। उन्होंने मुंबई के सीब्ज और जयपुर के सीतापुरा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की तर्ज पर मेरठ में भी एक संगठित ज्वेलरी हब की आवश्यकता पर जोर दिया। यह ज्वेलरी पार्क मेरठ के ज्वेलरी कारोबार से जुड़े 50,000 परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करेगा। इसका लक्ष्य एक ऐसा इको-सिस्टम बनाना है जहां कारीगर से लेकर ग्राहक तक सभी सुरक्षित महसूस करें। इस पार्क में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। कारीगरों के लिए विश्वस्तरीय वर्कशॉप, सेंट्रलाइज्ड गोल्ड रिकवरी प्लांट और प्रदूषण मुक्त माहौल प्रदान किया जाएगा। फेडरेशन द्वारा नियुक्त आर्किटेक्ट अभय श्रीवास्तव ने ज्वेलरी पार्क के प्रोजेक्ट का डिजिटल प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने बताया कि पार्क को 'प्लग एंड प्ले' मॉडल पर डिजाइन किया गया है, जिसमें 60 प्रतिशत हिस्सा मैन्युफैक्चरिंग के लिए आरक्षित है। कॉमन फैसिलिटी सेंटर में हाई-एंड कास्टिंग, थ्रीडी प्रिंटिंग, लेजर सोल्डरिंग और ईटीपी के साथ गोल्ड रिकवरी यूनिट होगी, जिससे 99 प्रतिशत तक सोने की रिकवरी सुनिश्चित की जा सकेगी। बैठक में एसोसिएशन के संरक्षक रवि प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राकेश प्रकाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, दीपक रस्तोगी, आधार मांगलिक, आश्रय मांगलिक, विजय बग्गा, नीरज वर्मा, निखिल जैन, सतीश पठानिया, शिवम अग्रवाल, अनुज जैन, नितिन जैन, कोमल वर्मा, अमित रस्तोगी, कुलदीप रस्तोगी, सौरभ गर्ग, अरुण अग्रवाल, पीयूष गर्ग, मनोज मंडल, टाइगर, प्रभाष मैती आदि ज्वेलरी कारोबारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment