निर्माणाधीन अस्पताल में बड़ा हादसा, तीसरी मंजिल से गिरी लिफ्ट, एक मजदूर की मौत

मेरठ। दौराला क्षेत्र में निर्माणाधीन अस्पताल में लिफ्ट इंस्टालेशन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तीसरी मंजिल से लिफ्ट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवाकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सकौती हाईवे स्थित एक निर्माणाधीन नवोदय अस्पताल में बृहस्पतिवार को लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था। अस्पताल का निर्माण गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति द्वारा हाईवे किनारे किराए की जमीन पर कराया जा रहा है।

बताया गया है कि भावनपुर के किन्नानगर निवासी कर्ण और अझौता निवासी अंकित अस्पताल की तीसरी मंजिल पर लिफ्ट इंस्टालेशन का कार्य कर रहे थे। दोपहर के समय अचानक तीसरी मंजिल से लिफ्ट नीचे गिर गई, जिसके साथ दोनों मजदूर भी नीचे आकर गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने दोनों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए मोदीपुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने कर्ण को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंकित का उपचार जारी है।सूचना मिलने पर दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर निर्माण स्थल पर काम बंद करा दिया है। पुलिस और संबंधित विभाग यह जांच कर रहे हैं कि लिफ्ट गिरने की वजह क्या रही और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

 बोले अधिकारी 

सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने तक अस्पताल का निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts