डीएम ऑफिस पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसान

स्मार्ट मीटर और अधिकारियों के रवैये से नाराज, एसडीएम के समझाने पर भी नहीं उठे

 मेरठ।भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गुट के नेता विजयपाल घोपला ने डीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसान स्मार्ट मीटर, प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये और अन्य लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

विजयपाल घोपला ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते और उनके फोन भी नहीं उठाते। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। इसके अलावा, मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) से संबंधित किसानों की कई मांगें भी लंबित हैं, जिनका निस्तारण नहीं हो रहा है। उन्होंने इन समस्याओं के बारे में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

धरने के दौरान एडीएम सिटी बृजेश कुमार भी किसान से मिलने पहुंचे। उन्होंने जूते उतारकर जमीन पर बैठकर किसान को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विजयपाल घोपला ने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे धरने से नहीं उठेंगे, भले ही अधिकारियों को उन्हें जेल भेजना पड़े।

किसान नेता ने अपनी अन्य मांगों को भी सूचीबद्ध किया। इनमें विद्युत विभाग (एमडी, एक्सईएन सरधना) से संबंधित स्मार्ट मीटर और अन्य समस्याएं, रामदिया द्वारा गताब्दीनगर के किसानों की सुध न लेने का विरोध, एसडीएम सरधना द्वारा किसानों के साथ किए गए व्यवहार के विरुद्ध, वन विभाग द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न के खिलाफ, जिलेभर में आवारा पशुओं की समस्या और पुलिस द्वारा फर्जी तरीके से लगाई जा रही धाराओं का विरोध शामिल है।घोपला ने दोहराया कि अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसी कारण उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी के साथ यह धरना शुरू किया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts