पृथ्वी दिवस पर मेरठ कॉलेज में “प्रकृति एवं विरासत भ्रमण” का आयोजन

 प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण का दिया संदेश

मेरठ। पृथ्वी दिवस के अवसर पर मेरठ कॉलेज, मेरठ में प्रकृति एवं सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु “प्रकृति एवं विरासत भ्रमण” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला वन अधिकारी वंदना फोगाट ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राचार्य प्रो. युधुवीर सिंह तथा सचिव श्री विवेक गर्ग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के महत्व से अवगत कराया गया। संसाधन व्यक्तियों के रूप में प्रो. अर्चना, प्रो. सी.एस. भारद्वाज, प्रो. प्रगति रस्तौगी, प्रो. अंशु जैन, डॉ. अमित तथा डॉ. संदीप ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। साथ ही श्री हरि लाठे, श्री जगदीप ठाकुर एवं  उमेश कुमार ने अपने व्याख्यानों के माध्यम से हरित पहल और प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता पर प्रेरक विचार व्यक्त किए।

मुख्य अतिथि वंदना फोगाट ने अपने संबोधन में कहा, “मेरठ कॉलेज ने अपनी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को सहज कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।”

सचिव विवेक गर्ग ने कहा, “पृथ्वी दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। महाविद्यालय द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में पर्यावरण चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”

इस अवसर पर महाविद्यालय की अधिष्ठाता प्रो. सीमा पंवार, एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य मोहित जैन, अनुराग गौर, निखिल जैन एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार बाल वृक्ष भेंट कर व्यक्त किया गया। बागवानी समिति की संयोजिका रश्मि मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन जंतु विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर नीरज कुमार ने किया। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts