शराब में अल्कोहल की मात्रा बीयर से भी बताई जा रही कम तो फिर कैसे हुई तीन लोगों की मौत ?
पुलिस ने ठेके के मालिक मिंटू अहलावत और सेल्समैन जगपाल को हिरासत में लिया
डॉक्टरों ने शरीर के अंदर जहरीला पदार्थ होने की आशंका जाहिर की, जांच में होगी पुष्टि
मेरठ। दौराला के देशी शराब ठेके से अंकित ने बंटी जीरा मसाला शराब का एक पाउच खरीदा था। उक्त शराब के अंदर अल्कोहल की मात्रा मात्र .57 प्रतिशत बताई जा रही है, जो एक बीयर से भी कम है। इसे पीने के बाद तीनों लोग बदहवास होकर गिर गए। परिवार के लोग तुरंत अस्पताल ले गए, जहां 30 मिनट के भीतर दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की उपचार के तीन घंटे बाद मृत्यु हुई।
डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि उनके शरीर में जहरीला पदार्थ हो सकता है। हालांकि पुष्टि के लिए तीनों के पेट का पानी नमूने के तौर पर फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। जहरीली शराब से हुई मौतों की घटनाओं को देखा जाए तो आमतौर पर शराब पीने के बाद पांच से दस घंटे बाद मृत्यु होती है। दौराला में सरसों पेराई के स्पेलर में एक ही पाउच से तीन पैग बनाकर बाबूराम, अंकित और जितेंद्र ने शराब पी थी, यानी शराब की मात्रा बहुत कम थी। इस मामले में यह भी महत्वपूर्ण है कि उक्त शराब में अल्कोहल की मात्रा भी काफी कम थी।
प्रारंभिक जांच में यह माना जा रहा है कि शराब जहरीली नहीं थी, बल्कि इसमें जहर मिलाने की आशंका जताई जा रही है। इस कारण पुलिस तीनों मृतकों के परिवार और उनके दोस्तों सर्किल तक की जांच कर रही है। पुलिस की जांच में पता चला है कि यह शराब सरधना रोड स्थित एक देशी शराब के ठेके से खरीदी गई थी। आबकारी विभाग की टीम ने ठेके को सील कर दिया है। पुलिस ने ठेके के मालिक मिंटू अहलावत और सेल्समैन जगपाल को हिरासत में ले लिया है।
एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि जहरीली शराब पीने से व्यक्ति का शरीर तक टूट जाता है, लेकिन यहां शराब पीने के तुरंत बाद ही मौत हो गई, जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि शराब जहरीली नहीं थी। वहीं बाबूराम के बेटे सचिन ने बताया कि शराब पीने के समय तीनों ने कुछ नहीं खाया था। पुलिस ने ठेके में रखे सभी पाउच कब्जे में ले लिए हैं।


No comments:
Post a Comment