संभल में बुल्डोजर एक्शन

- सरकारी जमीन पर बने इमामबाड़ा-ईदगाह को किया ध्वस्त

- विरोध के बावजूद भारी पुलिस बल की तैनाती में हुई कार्रवाई

संभल। जिले में गुरुवार को इमामबड़ा और ईदगाह पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई। चंदौसी मार्ग किनारे गांव बिछौली में सरकारी 12.25 बीघा जमीन पर ईदगाह और करीब ढाई बीघा जमीन पर बना इमामबाड़ा ध्वस्त किया गया।
एसडीएम निधि पटेल के निर्देशन व नायब तहसीलदार दीपक जुरैल के नेतृत्व में दो राजस्व निरीक्षक व सात लेखपालों की टीम के पुलिस बल के साथ पहुंचने पर दोनों जगह भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इमामबाड़ा व ईदगाह ध्वस्त करने के लिए पहुंचने का विरोध किया। पुलिस व पीएसी जवानों ने भीड़ को खदेड़ दिया।
बाद में सुरक्षा की दृष्टि से पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ एक कंपनी पीएसी व रैपिड रिलीफ फोर्स (आरआरएफ) भी तैनात किया। ध्वस्तीकरण के दौरान डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया, एसपी केके बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
इस मामले की शुरुआत जनवरी महीने में हुई थी, जब लेखपालों की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की थी। 14 जनवरी को जांच रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार को सौंपी गई, जिसमें स्पष्ट रूप से अवैध कब्जे की पुष्टि हुई. इसके बाद 18 जनवरी को धारा 67 के तहत कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 31 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट ने अवैध कब्जा हटाने का आदेश जारी किया। उसी आदेश के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति या संस्था नियमों का उल्लंघन करेगी, उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts