रस्सी टूटने से गिरकर शिक्षक की मौत
भूसे की ट्रॉली भरते समय हुआ हादसा, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
मेरठ। थाना किठौर क्षेत्र के जसोरा गांव निवासी शिक्षक नुसरत साहब का एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह भूसे की ट्रॉली भर रहे थे, तभी अचानक रस्सी टूट गई और संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।घटना के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
नुसरत साहब शिक्षा के क्षेत्र में एक समर्पित और सम्मानित शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने आजाद स्मारक स्कूल जसोरा और आई.एम. पब्लिक स्कूल किठौर में भौतिक विज्ञान और गणित विषय पढ़ाकर सैकड़ों छात्रों का मार्गदर्शन किया। वर्तमान में वे लोटी में एक सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।उनके निधन से शिक्षा जगत और क्षेत्र में गहरा शोक है। ग्रामीणों और उनके छात्रों ने उन्हें विनम्र, सरल और अनुशासित व्यक्तित्व का धनी बताया। उनके अचानक चले जाने से सभी स्तब्ध हैं।ग्रामीणों ने बताया कि नुसरत साहब हमेशा बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए समर्पित रहते थे और समाज में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन से क्षेत्र ने एक योग्य शिक्षक और मार्गदर्शक खो दिया है।


No comments:
Post a Comment