राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी

 बोले- 55 साल पुराना अंजाम मत भूलो
बैरकपुर (एजेंसी)।पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के भड़काऊ बयान पर तीखा पलटवार किया है। राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि वे 55 साल पहले के अंजाम को न भूलें जब पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट गया था। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि अगर इस बार पाकिस्तान ने बंगाल की तरफ आंख उठाकर भी देखा तो खुदा ही जाने उसके कितने टुकड़े होंगे।
बैरकपुर में चुनावी रैली के दौरान राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान की धमकी और उस पर तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी के बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। अभिषेक बनर्जी ने सवाल उठाया था कि पाकिस्तानी धमकी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं। इस पर पलटवार करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश का रक्षा मंत्री होने के नाते वह खुद इस मुद्दे पर अपनी बात रख रहे हैं और यह जरूरी नहीं कि हर बात पर प्रधानमंत्री ही बोलें।
रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत की सुरक्षा और रक्षा मामलों पर सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। राजनाथ सिंह ने दोटूक शब्दों में कहा कि वह देश के रक्षा मंत्री हैं और रक्षा से जुड़े विषयों पर बोलने के लिए पूरी तरह अधिकृत हैं।
दरअसल, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में भारत को लेकर एक विवादित बयान दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक आसिफ ने कहा था कि अगर भारत की ओर से कोई भी कार्रवाई होती है तो पाकिस्तान कोलकाता पर हमला करके उसका जवाब देगा।
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री को इस तरह की भड़काऊ बातें नहीं करनी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को अपनी गलतियों की सजा मिली थी और बांग्लादेश के रूप में उसके दो टुकड़े हो गए थे।
इस पूरे मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा था। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts