दुबई में बैठा मेरठ का संदिग्ध आतंकी गिड़गिड़ाया, वीडियो वायरल 

आकिब बोला- देश से गद्दारी नहीं करेंगे, आतंकी का ठप्पा मत दो

मेरठ। लखनऊ सहित कई शहरों को दहलाने की साजिश रच रहे 4 संदिग्ध आतंकवादियों को ATS ने पकड़ा है। इन्हें पाकिस्तान से ऑफर था- जितनी दहशत फैलाओगे, उतना पैसा मिलेगा…। पाकिस्तानी हैंडलर अबू बकर से लिंक जोड़ने वाला संदिग्ध आतंकी आकिब खान अभी पकड़ में नहीं आया है।

मेरठ का रहने वाला आकिब दुबई में है, वहां से सोशल मीडिया पर गिड़गिड़ा रहा है। सफाई दे रहा है कि ‘हमारा देश है, हम अपने देश के साथ गद्दारी नहीं करेंगे, न ईमान बेचेंगे। आतंकवादी का ठप्पा मत दो, जो गुनहगार है उनको पकड़ो।’

आकिब सोशल मीडिया पर चर्चित चेहरा है। उसके इंस्टा पर 40 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। आकिब खान के AK-47 को खिलौना बताने के मामले में बिजनौर के दो पुलिसवालों पर कार्रवाई हो चुकी है।

आकिब बोला- ईमान नहीं बेचेंगे

दुबई में बैठे आकिब ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। लिखा- मेरे बारे में प्रोपेगेंडा फैलाया जा रहा है कि मैं आतंकवादी हूं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। फंडिंग करने और लड़के तैयार करने जैसा भी कुछ नहीं है।

दुबई में पुलिस से बचने को बैठा हूं… ऐसा कुछ नहीं है। मैं यहां 2019 से रहता हूं, गाड़ी चलाता हूं। ये कह रहे हैं कि मैंने उनकी बात कराई, तो उनके पास बात कराने का कोई सुबूत होना चाहिए। कॉल रिकार्डिंग होना चाहिए कि मैंने किससे बात कराई है। उसकी जांच की जाए। हमारा देश है, हम अपने देश के साथ गद्दारी नहीं करेंगे, न ईमान बेचेंगे। 5-10 हजार रुपए के लिए हम इमान नहीं बेचते।

5 दिन में 3 वीडियो किए हैं शेयर

संदिग्ध आतंकी आकिब ने पिछले 5 दिन में सोशल मीडिया पर 3 वीडियो शेयर किए। आकिब एक साथ इंस्टाग्राम पर 3 अकाउंट रन करता है। जहां उसने अपनी सफाई के ये वीडियो पोस्ट किए हैं। सभी में उसने खुद को निर्दोष बताया है।

देश से प्यार…गर्दन कटा दूंगा, झुकूंगा नहीं

एक वीडियो में आकिब ने ये भी कहा कि जो लोग मेरे बारे में अनाप-शनाप बोल रहे हैं, मुझ पर आतंकवादी का ठप्पा लगा रहे हैं, इनके वीडियो भी मेरे पास हैं। मेरे ऊपर लग रहे इल्जाम सरासर गलत हैं। मुझे अपने देश से बहुत प्यार है, पठान हूं, मैं गर्दन कटा दूंगा लेकिन झुकूंगा नहीं। मुझे अपने देश से बहुत प्यार है। किसी का कोई सवाल है, वो मुझसे पूछे, मैं उसका जबाव दूंगा।

पीएम-सीएम से विनती की

एक वीडियो में वह कह रहा है कि मैं योगी जी और मोदी जी से विनती करता हूं- मेरा इन सबसे कोई लेना-देना नहीं है। मेरे पास सारे पुलिसवालों के नंबर हैं। तब भी मैंने हकीकत बयां की थी, अब भी हकीकत ही बोलूंगा। गाड़ी चलाता हूं, अच्छे घर से बिलांग करता हूं। गाड़ी चलाकर अपना पेट पालता हूं, अपना घर चलाता हूं। मेहनत की रोटी खाते हूं, ये आतंकवादी का ठप्पा मत दो, जो गुनहगार है उनको जाकर पकड़ो।

यूपी ATS ने पकड़े हैं 4 आतंकी

2 अप्रैल को यूपी एटीएस ने आतंकी साकिब उर्फ डेविल, विकास गहलावत उर्फ रौनक, लोकेश उर्फ बाबू उर्फ पपला पंडित और अरबाब को गिरफ्तार किया। इनके पास से केमिकल से भरा कैन, 7 मोबाइल फोन, 24 पंपलेट और आधार कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि साकिब इस गिरोह का सरगना है। उसने बताया कि आकिब ने ही उसका संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर अबू बकर से कराया था।

एक के बाद एक कई शहरों को दहलाने की थी साजिश

एटीएस ने लखनऊ से पकड़े गए चारों आरोपियों को रिमांड पर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि लखनऊ के बाद कई शहरों में धमाके करने की साजिश थी। वारदात के बाद प्रदेश से बाहर निकलने के निर्देश पाकिस्तानी हैंडलर्स ने दिए थे। संदिग्ध आतंकियों के मोबाइल फोन से कई ऑडियो क्लिप भी मिली हैं।

ये ऑडियो रिकॉर्डिंग पाकिस्तानी हैंडलर्स ने साकिब को भेजी थीं, जिनमें विस्फोट से पहले की पूरी मूवमेंट की जानकारी थी। इतना ही नहीं, विस्फोट के बाद बने हालात के वीडियो भी भेजने के निर्देश दिए गए थे। सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स न सिर्फ कॉल पर बात करते थे, बल्कि ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर रेकी, टारगेट और हमले के तरीके समझाते थे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts