श्री माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के लिए रेलवे बना सहारा
खराब मौसम में फंसे हजारो यात्रियों को मुसीबत से निकाला
भारी बारिश के बीच चलाई कटरा-बनिहाल स्पेशल ट्रेन, कल 10 अप्रैल को भी चलेगी गाड़ी
नई दिल्ली/जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने आज दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बीच यात्रियों को बड़ी राहत दी है। श्री माता वैष्णो देवी कटरा और बनिहाल के बीच विशेष अनारक्षित ट्रेन संख्या 04689/04690 का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। पहले ही दिन इस सेवा का लाभ 1000 से अधिक यात्रियों ने उठाया, जिससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को एक नई मजबूती मिली है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में जारी भारी बारिश और भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर सड़क यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क मार्ग बाधित होने से फंसे हुए पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौटने वाले श्रद्धालुओं की समस्याओं को देखते हुए रेलवे ने इस विशेष ट्रेन को चलाने का आपातकालीन निर्णय लिया। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कटरा में फंसे 2,900 से अधिक वैष्णो देवी श्रद्धालुओं के लिए रेलवे संकटमोचक बनी।
पिता बना हैवान, पत्नी को पीटने के दौरान 4 साल के मासूम बेटे की ले ली जान
10 अप्रैल को भी जारी रहेगी सेवा
यात्रियों की भारी मांग और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने घोषणा की है कि कल, दिनांक 10 अप्रैल को भी श्री माता वैष्णो देवी कटरा – बनिहाल – श्री माता वैष्णो देवी कटरा के मध्य इस विशेष अनारक्षित ट्रेन का संचालन जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प प्रदान करना है।
यात्रियों ने की उत्तर रेलवे की सराहना
कटरा से रवाना हुई इस ट्रेन में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक यात्रा की। स्टेशन पर सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े प्रबंध किए गए थे ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सड़क मार्ग बंद होने से हम काफी परेशान थे, लेकिन रेलवे की इस विशेष पहल ने हमें सुरक्षित गंतव्य तक पहुँचाने में मदद की। यह कदम बेहद सराहनीय है।
भविष्य की योजना
रेलवे प्रशासन के अनुसार, आने वाले समय में भी मांग और मौसम की स्थिति को देखते हुए इस ट्रेन के संचालन की अवधि को और बढ़ाया जा सकता है। उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे इस विशेष अनारक्षित सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध सूचना केंद्रों से अपडेट लेते रहें।


No comments:
Post a Comment