सैनिक विहार में 30 घरों की 36 घंटे बिजली गुल

संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से मरम्मत में देरी हुई

निवासियों ने चंदा कर निजी बिजलीकर्मी से फाल्ट सुधारा

 मेरठ। सैनिक विहार बी-पाकेट की गली स्थित बिजली के खंभे में बंधे तारों में फाल्ट होने के बाद करीब 30 मकनों की बिजली गुल हो गई। विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बिजली सही करने कोई नहीं आया।

लोगों को मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर 1912 पर भी शिकायत दर्ज की, मगर कोई समाधान नहीं निकला। लगभग 36 घंटे बाद गुरुवार को लोगों ने चंदा कर एक बिजली कर्मी को बुलाया और फाल्ट को सही कर आपूर्ति शुरू की।

कंकरखेड़ा क्षेत्र में सैनिक विहार बी-पाकेट निवासी नितिन, सुनील, इंद्रवीर सिंह, मोहित बख्शी, कपिल, भाजपा नेता सतीश प्रजापति समेत अन्य लोगों का कहना है कि उनकी गली में बिजली के खंभें में बंधे तारों में सात अप्रैल की देर रात 12 बजे चिंगारी के साथ फाल्ट हुआ था।धमाके जैसी तेज आवाज भी सुनाई दी। उसके बाद गली के करीब 30 मकनों की बिजली गुल हो गई। सुबह तक भी बिजली बहाल नहीं हो पाई। उसके बाद कालोनी के लोगों ने डायल-1912 और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी तारों में फाल्ट होने से बिजली गुल होने की शिकायत दर्ज कराई। मगर, उसके बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ।

लोगों के बिजली के उपकरण नहीं चल पाए। इंवर्टर भी ठप हो गए। जिसके बाद गुरुवार को जिन लोगों के यहां बिजली गुल थी, उन्होंने चंदा इक्ट्ठा किया और 1500 रुपये में एक विद्युतकर्मी को बुलाकर तारों के फाल्ट को सही कराया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति चालू हो सकी।

लोगों ने कहा कि जिस तरह से संविदा कर्मचारियों की हड़ताल को बताकर बिजली फाल्ट को सही नहीं किया गया, वह कानून गलत है। बिजली का बिल जमा न होने पर कनेक्शन काट दिया जाता है, मगर जब 30 मकानों में रहने वाले सौ से अधिक लोग परेशान हुए तो उसके जिम्मेदार कौन है?

खंभे के तारों में फाल्ट होने के बाद बिजली गुल हुई थी। मगर लोगों की शिकायतों के बाद भी संविदा विद्युत कर्मियों की हड़ताल बताकर कोइ्र नहीं आया। चंदा इक्ट्ठा कर बिजली को सही कराना, मैट्रो सिटी में दुर्भाग्यपूर्ण है। -सीमा प्रजापति, स्थानीय पार्षद-वार्ड 41

सात अप्रैल की रात 12 बजे खंभे के तारों में फाल्ट के बाद बिजली गुल हुई थी। विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारियों की हड़ताल बताकर कोई नहीं आया। डायल-1912 भी सूचना दी, कोई समाधान नहीं हुआ। चंदा इक्टठा कर बिजली सही कराई। -नितिन वर्मा, निवासी बी ब्लाक सैनिक विहार।

बिजली खराब की शिकायत पहले डायल-1912 पर फिर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मगर, कुछ नहीं हुआ। प्रत्येक घर से इक्ट्ठा किए गए चंदे से बिजली कर्मचारी को बुलाकर फाल्ट सही कराया गया।

इंद्रवीर सिंह पूर्व सैनिक, बी ब्लाक सैनिक विहार।

बिजली न होने से घरों में अंधेरा था। इंवर्टर भी ठप हो गए थे। विद्युत के उपकरण भी बंद हो गए थे। हड़ताल के नाम पर लोगों को परेशान करना, उचित नहीं है। ऐसों पर कार्रवाई होनी चाहिए। -सुनील मेहता, निवासी बी ब्लाक, सैनिक विहार।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts