मेरठ से प्रयागराज तक 12 स्थानों पर देना होगा टोल 

 मेरठ से प्रयागराज तक अनुमानित टोल 1515 तक हो सकता है 

प्रधानमंत्री 29 अप्रैल को करेंगे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन

मेरठ। उत्तर प्रदेश औद्योगिक एक्सप्रेसवेज विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा निर्मित गंगा एक्सप्रेसवे का आगामी  29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई में भव्य समारोह के दौरान लोकार्पण करेंगे। इसके लिए लगभग पूरी तैयारी कर ली गयी है।  वैसे  गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा के लिए टोल टैक्स की अधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।  लेकिन मेरठ से प्रयागराज तक सफर के लिए कार के लिए 1515 रुपये अनुमानित टोल टैक्स होगा, जबकि बस और ट्रकों के लिए यह राशि 2405 रुपये हो सकती है। मेरठ से बदायूं तक प्रथम पैकेज के 130 किमी के लिए कार के लिए 435 तथा ट्रक बस के लिए 1375 रुपये टोल टैक्स अनुमानित है।

मेरठ और प्रयागराज को आपस में जोड़ने वाले 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की घड़ी आ गई है। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री इसका लोकार्पण करेंगे। इस एक्सप्रेसवे पर यात्रा के बदले लोगों को टोल टैक्स अदा करना होगा। हालांकि अभी तक इसके लिए टोल दरों की अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन टोल की अनुमानित राशि की जानकारी मिली है।

गंगा एक्सप्रेसवे कुल चार पैकेज में विभाजित है। पहला पैकेज मेरठ से बदायूं तक 130 किमी लंबा है। जिसका निर्माण और संचालन मैसर्स आइआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। जबकि इससे आगे के तीन पैकेज अदानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के पास है।

मेरठ से बदायूं तक सात और प्रयागराज तक 12 टोल और रैंप प्लाजा

मेरठ से बदायूं तक 130 किमी लंबे पहले पैकेज में कुल सात टोल और रैंप प्लाजा बनाए गए हैं। इन सभी से एक्सप्रेसवे पर प्रवेश और निकास किया जा सकता है। प्रयागराज तक टोल प्लाजा की कुल संख्या 12 है। गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल व्यवस्था के लिए एमएलएफएफ (मल्टी लेन फ्री फ्लो) तकनीक युक्त सिस्टम स्थापित किया गया है। जिससे वाहनों को एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करते समय रुकने की जरूरत नहीं होगी। दौड़ते हुए वाहनों को ही यह सिस्टम स्कैन करके उनकी इंट्री कर लेगा। फिलहाल निकास पर टोल कटवाने के लिए टोल बूथ से गुजरना होगा लेकिन जल्द ही इसे भी फ्री फ्लो कर दिया जाएगा।

जितना चलेंगे उतना ही देंगे टोल टैक्स

प्रथम पैकेज की संचालनकर्ता एजेंसी आइआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक अनूप सिंह ने बताया कि गंगा एक्प्रेसवे के लिए टोल की दरों को अभी सरकार द्वारा घोषित नहीं किया गया है लेकिन इस मार्ग पर प्रति किमी यात्रा के लिए औसत टोल दर निर्धारित है। इस एक्सप्रेसवे की विशेष बात यह है कि वाहन चालकों को केवल उतना ही टोल टैक्स देना होगा जितनी वे यात्रा करेंगे। इस एक्सप्रेसवे पर दो पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। प्रवेश करने पर उनपर भारी भरकम जुर्माना लगाने का प्रावधान है।

 उद्घाटन से पहले तीन दिन बंद रहेगा गंगा एक्सप्रेस वे पर यातायात बंद 

गंगा एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा की जिम्मेदारी 12 जिलों के 52 थानों की पुलिस को सौंपी गई है। इस संदर्भ में डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने संबंधित जिलों की पुलिस को विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं।पहले तीन दिन तक एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।एडीजी कानून व्यवस्था ने मेरठ, हापुड़, बुुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ व प्रयागराज के पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे यूपी-112 के साथ समन्वय कर पीआरवी वाहनों के रूट में एक्सप्रेस-वे को शामिल करें।साथ ही टोल प्लाजा पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोटेशन के आधार पर पुलिस बल तैनात किया जाए। सीओ, थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर एक्सप्रेस-वे को अवरोध मुक्त रखेंगे।

साथ ही अग्नि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेस-वे के आसपास फायर टेंडर तैनात करने के निर्देश भी पुलिस को दिए गए हैं। वहीं आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए रूट मैपिंग भी की जा रही है।

टोल टैक्स की अनुमानित दरें

टोल प्लाजा और रैंप प्लाजा का नाम-------टोल (कार)------------टोल (बस और ट्रक)

खड़खड़ी-----------प्रवेश स्थल----------प्रवेश स्थल

सिंभावली -------------------90-------------285

स्याना ----------------205---------------635

हसनपुर--------------255----------------795

संभल------------------345-------------1090

चंदौसी----------------400--------------1260

बदायूं------------------435--------------1375

प्रयागराज------------1515-----------2405


No comments:

Post a Comment

Popular Posts