हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायक को झटका!
बेटे नाजिम ने उनसे रिश्ता खत्म करने का किया ऐलान
फरीदाबाद ,एजेंसी। हरियाणा की सियासत में क्रॉस वोटिंग के मुद्दे ने नई कंट्रोवर्सी खड़ी कर दी है। हथीन के कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल के बेटे नाजिम चौधरी ने खुलकर अपनी बात रखते हुए कहा कि उनका अब अपने पिता से संबंध नहीं है। वह क्रॉस वोटिंग के लिए अपने पिता से बेहद नाराज हैं। जान लें कि हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के 5 केस सामने आए थे, जिनको लेकर नोटिस जारी किए गए हैं। इसमें 4 वोटों को अमान्य घोषित कर दिया गया था।
बातचीत में नाजिम ने यह साफ किया कि वह क्रॉस वोटिंग की बात को लेकर अपने पिता से नाराज ही नहीं हैं, बल्कि वह उनसे पूरी तरह अलग होने का निर्णय कर चुके हैं। अब उनका अपने विधायक पिता से कोई संबंध नहीं रहेगा। ना ही भविष्य में वह संबंध रखेंगे। इसके साथ ही नाजिम ने चाचा, जो डीएसपी एम. एस. खान हैं, से भी रिश्ते खत्म करने की बात कह दी। हालांकि, नाजिम ने ये भी कहा कि परिवार के बाकी सदस्यों से उसके संबंध पहले की तरह सामान्य रहेंगे।
बेटे ने की विधायक पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग
नाजिम चौधरी का कहना है कि जिन 4 मतों को अमान्य घोषित किया गया है, उनके नाम भी कांग्रेस पार्टी को सार्वजनिक करने चाहिए। विधायकों को राज्यसभा चुनाव में वोटिंग के लिए पूरी ट्रेनिंग मिलती है, ऐसे में इस प्रकार की गलतियां करना कोई भूल नहीं बल्कि जानबूझकर किया जाना ही है। इसलिए सिर्फ कुछ लोगों पर कार्रवाई करना काफी नहीं है। ऐसे सभी विधायकों के खिलाफ पार्टी को सख्त कदम उठाने चाहिए। नाजिम चौधरी ने साफ कहा कि अगर उसके पिता मोहम्मद इसराइल भी क्रॉस वोटिंग में शामिल हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस पार्टी एक-दो नेताओं पर निर्भर नहीं- नाजिम
विधायक के बेटे नाजिम ने अपने अनुभव के आधार पर कहा कि कांग्रेस पार्टी की हरियाणा और पूरे देश में मजबूत स्थिति है। यह पार्टी किसी एक या दो नेता पर निर्भर नहीं है। कांग्रेस के पास हर स्तर पर ऑप्शन मौजूद हैं। नाजिम ने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी कई बड़े लीडर पार्टी छोड़ चुके हैं, लेकिन कांग्रेस पर इसका कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा।


No comments:
Post a Comment