आगरा में होली पर नाली विवाद को लेकर युवक की पीट-पीट कर हत्या ,पिता और भाई घायल
आगरा। होली के त्योहार के बीच आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ नाली को लेकर हुए विवाद में एक 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस खूनी संघर्ष में मृतक के पिता और भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना महासिंह खेड़ा गांव की है। मंगलवार शाम करीब 3:00 बजे जगत सिंह और उनके पड़ोसियों के बीच नाली के पानी की निकासी को लेकर मामूली विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन देर रात करीब 8-9 बजे आरोपी पक्ष फिर से उग्र हो गया। आरोप है कि रवि, प्रमोद, आनंद, राहुल और कमल सिंह सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पाइप से जगत सिंह और उनके बेटों अमित व अंशुल पर जानलेवा हमला कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम हमले में अमित के सिर पर लोहे की रॉड से गंभीर चोट आई, जिससे वह अचेत हो गया। आनन-फानन में घायल पिता और दोनों बेटों को सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बुधवार सुबह इलाज के दौरान अमित ने दम तोड़ दिया। वहीं, मृतक के पिता जगत सिंह और भाई अंशुल अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से सभी सातों आरोपी मौके से फरार हैं। एत्मादपुर थाना पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment