आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग

 क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा ने सात विकेट से हासिल की जीत

- मेरठ सिविल लाइन हीरोज द्वारा दिए गए 197 रन के लक्ष्य को 16.4 ओवर में ही हासिल किया

- मैन ऑफ द मैच वियान जट राणा ने 7 चौके और 4 छक्के के साथ 44 गेंद पर 84 रन बनाए

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर रविवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा और मेरठ सिविल लाइन हीरोज के बीच खेला गया। जिसमें क्रिक गिरी चैंप्स ने सात विकेट से जीत हासिल कर अपनी स्थिति को मजबूर किया। 

क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा ने टॉस जीत कर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। मेरठ सिविल लाइन हीरोज के सलामी बल्लेबाज उज्जवल यादव और अमोघ सिरोही ने पारी की शुरूआत की। तीसरा ओवर फेंक रहे अनुराग पोसवाल की एक ऊंची उठती गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में अमोघ सिरोही (9 गेंद पर 14 रन, 3 चौके) गेंद हवा में उठाल बैठे और सत्यम संघु ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के लिए कप्तान रितुराज शर्मा आए लेकिन 8 रन बनाकर वह शिवम की गेंद पर रितिक वत्स को कैच दे बैठे। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे उज्जवल यादव ने अर्धशतक पूरा किया लेकिन वह अभिषेक पुंडीर की गेंद की लाइन में आने से चूक गए और गेंद ने उनकी गिल्लियां उखाड़ दी। उज्जवल यादव ने 5 चौके और 5 छक्के की सहायता से 33 गेंद पर 64 रन बनाए। अर्णव त्यागी ने संघर्ष करने का प्रयास किया लेकिन 16 गेंद पर 16 रन बनाकर वह आरुष की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने आए ओशो मोहन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। 3 छक्के और 1 चौके मारकर 13 गेंद पर 28 रन बनाने वाले ओशो मोहन बड़ा शॉट मारने के प्रयास में शिवम की गेंद को हवा में उछाल बैठे और शिवम बंसल ने उनका कैच बखूबी लपक लिया। 15वें ओवर में टीम का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 150 रन हो गया था। अर्पित मलिक 9 रन बनाकर नमन का शिकार बने और प्रियांशु मोतला ने उनका कैच लपक लिया। तुषार त्यागी भी 5 रन बनाकर आउट हो गए जब सत्यम संघु की गेंद पर शिवम बंसल ने उनका कैच पकड़ लिया। लेकिन 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए वंश विकल ने बेखौफ होकर बल्लेबाजी की और गेंद को सीमारेखा के बाहर भेजना शुरू कर दिया। 20वें ओवर में रनआउट होकर वापस जाने से पहले वंश विकल ने दो चौके-एक छक्के के साथ 11 गेंद पर 22 महत्वपूर्ण रन बना डाले। अंतिम ओवर की आखरी गेंद पर अजय चौधरी (2 रन) अनुराग पोसवाल की गेंद पर एलबीडब्लू आउट हो गए। मेरठ सिविल लाइन हीरोज ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए।

क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के गेंदबाज अनुराग पोसवाल ने दो, शिवम ने दो और नमन, अभिषेक पुंडीर, आरुष और सत्यम संघु ने एक-एक विकेट लिया। 

198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के सलामी बल्लेबाज शिवम बंसल ने तेज शुरूआत की। टीम ने पहले दो ओवर में ही 35 रन बना डाले जिसमें कप्तान शिवम बंसल के 28 रन थे। वहीं वियान जटराणा ने भी दूसरे छोर से प्रहार करना शुरू कर दिया। और तीसरा ओवर फेंक रह यश गर्ग की पहली दो गेंद पर छक्का और चौका मारकर अपनी फार्म दिखाई। चौथे ओवर ही पहली ही गेंद पर छक्का मारकर वियान जट राणा ने टीम का स्कोर 54 रन पर पहुंचा दिया। 5वां ओवर फेंक रहे यश गर्ग की गेंद पर बैक टू बैक छक्का मारकर कप्तान शिवम बंसल ने अपने बेखौफ इरादे जाहिर कर दिए। वहीं छठा ओवर फेंकने आए रितुराज शर्मा की पहली ही गेंद को वियान जट राणा ने गगनचुंबी छक्का और दूसरी गेंद पर चौका मार दिया। मगर रितुराज शर्मा की क्रिज से दूर रखी गयी गेंद पर शिवम बंसल सामने शॉट मारने के प्रयास में अजय चौधरी के हाथों में कैच दे बैठे। 

कप्तान शिवम बंसल ने 3 चौके-4 छक्के मारते हुए 16 गेंद पर 42 रन बनाए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए अक्षय दुबे ने पहली ही गेंद पर छक्के के साथ शुरूआत की। मेरठ सिविल लाइन हीरोज ने 10 ओवर में एक विकेट खोकर 137 रन बना डाले। अब सामने था 60 गेंद पर 61 रन का आसान दिख रहा लक्ष्य और हाथ में 9 विकेट थीं। पिच पर वियान जट राणा लंगर डाल कर खड़े थे तो अक्षय दुबे भी तेजी से रन बटोर रहे थे। यहां से मैच एकतरफा दिखाई दे रहा था। 177 रन के स्कोर पर 14वां ओवर फेंक रहे वंश विकल ने शतक की ओर बढ़ रहे वियान जट राणा को तुषार त्यागी के हाथों कैच आउट करा दिया। वियान जट राणा ने 7 चौके और 4 छक्के के साथ 44 गेंद पर 84 रन बनाए। अक्षय दुबे ने 26 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। जीत के लिए सिर्फ 3 रन चाहिए थे मगर वंश विकल की गेंद को सामने मारने का प्रयास कर रहे सत्यम संघु (9 रन) तुषार त्यागी को कैच दे बैठे। क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा ने 16.4 ओवर में तीन विकेट पर 201 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीत लिया। मेरठ सिविल लाइन हीरोज की ओर से वंश विकल ने दो, रितुराज शर्मा ने एक विकेट लिया। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts