चौधरी चरण सिंह विवि से अब ऑनलाइन कर सकेंगे बीबीए और एमबीए

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ और लचीला बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की शुरुआत की है। विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त ऑनलाइन कोर्स सत्र जनवरी–फरवरी 2026 से प्रारंभ कर दिए गए हैं। 

अब छात्र अपनी सुविधा के अनुसार देश के किसी भी स्थान से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की यह पहल विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी जो ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं, नौकरी कर रहे हैं या किसी कारणवश नियमित कॉलेज में उपस्थित नहीं हो पाते। ऐसे विद्यार्थी अब विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई कर अपने करियर को नई दिशा दे सकेंगे। विश्वविद्यालय द्वारा ODL (ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग) माध्यम से पहले से संचालित पाठ्यक्रमों के साथ अब निम्न ऑनलाइन कोर्स भी शुरू किए गए हैं—

बीबीए (BBA)

एमबीए (MBA)

एमबीए (एचए)

एमसीए (MCA)

एमकॉम (M.Com)

इन सभी पाठ्यक्रमों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से मान्यता प्राप्त है और इन्हें एक आधुनिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, विशेषज्ञों का शैक्षणिक मार्गदर्शन तथा पढ़ाई में पूर्ण लचीलापन प्रदान किया जाएगा। विश्वविद्यालय का उद्देश्य इन कोर्सों के माध्यम से बिना किसी भौगोलिक या समय की बाधा के देश के हर वर्ग और क्षेत्र के छात्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाना है। इस पहल के साथ चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने समावेशी, सस्ती और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

उक्त पाठ्यक्रमों से संबंधित अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की वेबसाइट ccsuniversity.ac.in के ODL लिंक पर जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts